नींद से जागा सिंचाई विभाग, बरवाला लिंक नहर में ढाकल हैड पर चलाया सफाई अभियान
बरवाला लिंक नहर में ढाकल हैड पर शवों के मिलने का सिलसिला लगातार जारी
रविवार को भी नहर में मिले 3 व्यक्तियों के शव
तीन दिनों में नहर से निकाले जा चुके हैं 5 व्यक्तियों के शव
अनेकों गुनाहों के राज दबे हैं बरवाला लिंक नहर की तलहटी में
नहर से निकाले गए अनेक मृत जानवरों के शव
Narwana news, 28 मार्च (राजीव गर्ग/atal hind) : बरवाला लिंक नहर में पानी बंद होने के बाद ढाकल हैड के पास शवों का मिलना लगातार जारी है। समाचार पत्र में खबर छपने के बाद ही सिंचाई विभाग के अधिकारी नींद से जागे और रविवार को छुट्टी होने के बावजूद सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बरवाला लिंक नहर के ढाकल हैड पर मौजूद रहकर मशीन के साथ नहर में सफाई अभियान चलवाया। रविवार को भी ढाकल हैड के आसपास 3 अज्ञात व्यक्तियों के शव गली सड़ी अवस्था में बरामद किए गए।
बरवाला लिंक नहर के ढाकल हैड पर अभी तक पिछले तीन दिनों में कुल 5 अज्ञात व्यक्तियों के शव बरामद हो चुके हैं ऐेसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस नहर की तलहटी में कितने गुनाहों के राज दफन है। रविवार को भी नहर में शव मिलने की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को नहर से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। ये शव बिल्कुल गली-सड़ी अवस्था में मिले हैं जिनकी पहचान होना भी मुश्किल बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने इन शवों को शिनाख्त के लिए नागरिक अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में रख दिया है। रविवार को कुछ और जानवरों के शव पानी में बहकर ढाकल हैड पर पहुंच गए। रविवार को सिंचाई विभाग के एस.डी.ओ. व जे.ई. ने मौके पर मौजूद रह कर मशीन के द्वारा नहर से सभी जानवरों के शवों को बाहर निकलवाया और आसपास के जमीन में सभी जानवरों के शवों को मिट्टी खोद कर दबाया गया। इसके अलावा मशीन से नहर में तैर रही पूरी गंदगी को भी साफ करवाया गया। रविवार शाम तक नहर में सफाई अभियान चला हुआ था। पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। फिलहाल जिन अज्ञात व्यक्तियों के शव नहर से बरामद किए गए हैं उनमें से एक भी व्यक्ति की शिनाख्त नहीं हो पाई है। सदर पुलिस के लिए इन शवों की गुत्थी को सुलझाना बहुत बड़ी चुनौती बनने वाला है।
बाक्स
बरवाला लिंक नहर के ढाकल हैड के पास से रविवार को भी 3 अज्ञात व्यक्तियों के शव बरामद किए गए हंै जिनके शव नहर से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवा दिए हैं। पिछले 2 दिनों में भी 2 शव नहर से बरामद किए थे। नहर से मिले सभी 5 शव गली सड़ी अवस्था में हैं जिनकी शिनाख्त नहीं हो पाई है और सभी शवों को शिनाख्त के लिए फिलहाल अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में रखा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सोमवीर ढाका, सदर थाना प्रभारी नरवाना।
बाक्स
बरवाला लिंक नहर के ढाकल हैड पर रविवार को मशीन द्वारा सफाई अभियान चलाया गया। नहर से सभी जानवरों के शवों को बाहर निकाल कर जमीन मे दबवा दिया गया है तथा नहर से गंदगी भी बाहर निकाल दी गई है। विभागीय कर्मचारियों को आदेश दिए गए हैं कि वे नहर पर विशेष निगरानी रखें और सफाई व्यवस्था का ध्यान रखें।
बलराजचौहान, कार्यकारी अभियंता सिंचाई विभाग नरवाना।