एक पूर्व मुख्यमंत्री सजा काट रहे, दूसरे पर कभी भी हो सकती है कार्रवाई : नायब सैनी
कुरुक्षेत्र के सांसद ने मुख्यमंत्री मनोहरलाल के लिए मांगे वोट
करनाल। एक मुख्यमंत्री दस साल की सजा काट रहे हैं और दूसरे पूर्व मुख्यमंत्री पर कभी भी कार्रवाई हो सकती है। इसके लिए जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं। यह बात कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सिंह सैनी ने सेक्टर-4 में करनाल विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर के समर्थन में आयोजित एक जनसभा में कही।
जनसभा में सांसद ने नाम लिए बिना पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर यह निशाना साधा।
उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वो भाजपा उम्मीदवार मनोहरलाल को भारी मतों से विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि सरकार ने सबका साथ सबका विकास के तहत पिछले 5 साल में विधानसभा में करोड़ रुपये लगाकर विकास कार्य करवाए। यूनिवर्सिटी कॉलेज आदि बनाकर शिक्षा की गति तेज की है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा के क्षेत्र में नंबर वन पर रही है। उन्होंने कहा कि एक बार फिर सरकार बनाएं और फिर विकास कार्य कराएं।
सांसद नायब सैनी ने कहा कि अपने तैयार किए गए रोडमैप पर भाजपा का रथ चल रहा है। मुद्दों को आधार बनाकर उन्होंने हरियाणा भर में चुनाव जितवाने की अपील की है।
इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी अमरेंद्र सिंह, मेयर रेणु बाला गुप्ता, ज़िला महामंत्री योगेन्द्र राणा, मंडल अध्यक्ष दीपक गुप्ता, मंडल अध्यक्ष प्रवीण लाठर, निगम पार्षद मुकेश अरोड़ा मौजूद रहे।