सैंसी बिरादरी में फिर सुलगी संघर्ष की चिंगारी
कलायत दो गुटों में जमकर चले गंडासी, लाठी-डंडे और पत्थर कई घायल
कलायत पुलिस ने संबंधित क्षेत्र में कड़े किए सुरक्षा प्रबंध


अटल हिंद/तरसेम सिंह
कलायत में सैंसी बिरादरी के बीच एक बार फिर से गुटीय संघर्ष की चिंगारी सुलग गई है। शुक्रवार को दो पक्षों के बीच जमकर गंडासी, लाठी-डंडों और पत्थर चले। इसमें दोनों पक्षों से करीब एक दर्जन लोग जिसमें महिलाएं भी शामिल हैं जख्मी हो गए। वार्ड-2 के आवासीय क्षेत्र में तनाव पूर्ण स्थिति से लोगों में दहशत फैल गई। झगड़े की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जयवीर सिंह की अगुवाई में सब इंस्पेक्टर गुरदेव सिंह, ईएएसआई जोगेंद्र सिंह, हैड कांस्टेबल बलिंद्र सिंह, कुलदीप सिंह, मंजीत सिंह, सुरेंद्र कुमार, सुभाष चंद व देवेंद्र सिंह सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जिस प्रकार आवासीय क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ उससे आसपास रहने वाले लोग घबरा गए। तनाव पूर्ण स्थिति में बीच बचाव कर पाना मुश्किल था। परिणामस्वरूप पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर ही जख्मी लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। यदि कहीं पुलिस बल मौका स्थल पर पहुंचने में थोड़ा विलंब कर देता तो खून खराब ज्यादा बढ़ सकता था। अमन-चैन को कायम रखने के लिए डीएसपी रवींद्र सांगवान के निर्देश पर थाना प्रभारी जयवीर सिंह ने सुरक्षा प्रबंधों को संबंधित इलाके में कड़ा किया है। कानून-व्यवस्था को बिगाडऩे वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
100 लोगों पर दर्ज हो चुके हैं पहले भी मामले:
जुलाई 2020 में भी सैंसी बिरादरी के लोगों के बीच भारी विवाद हुआ था। इस दौरान घरों पर हमला, लूटपाट, मारपीट और अन्य गंभीर आरोप संबंधित परिवारों ने एक-दूसरे पक्ष पर लगाए थे। तनाव पूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल को इलाके में एक्टिव किया गया था। साथ ही प्रभावी कार्रवाई करते हुए करीब 100 से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए गिरफ्तारी का सिलसिला बड़े पैमाने पर चलाया गया था।
पंचायत में भी नहीं निपट पाया विवाद:
लंबे समय से सैंसी बिरादरी के बीच चल रहे विवाद को निपटाने के लिए कई मर्तबा वर्ग के लोगों की पंचायत भी हुई। इसमें राज्य भर से सैंसी बिरादरी के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। गहरा चुके विवाद को निपटाने में सैंसी बिरादरी के प्रतिनिधियों को सफलता नहीं मिल पाई। परिणामस्वरूप अन्य बिरादरियों से विवाद निपटाने का सहयोग मांगा जा रहा था। इसी बीच दूसरा विवाद गहरा गया।
नहीं बिगडऩे दिया जाएगा अमन-चैन:
थाना प्रभारी जयवीर सिंह ने बताया कि अमन-चैन को कतई बिगडऩे नहीं दिया जाएगा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित क्षेत्र में गतिशीलता बढ़ाई गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा किया गया है। शिकायत के अनुसार कानूनी कार्रवाई होगी।