10 सितंबर को पीपली रैली में एक भी किसान को लाठी टच भी हुई तो विधायक, एमपी तो दूर सरपंच बनने के लिए भी तरसेंगे भाजपा के नेता : होशियार गिल
कैथल, 07 सितम्बर (कृष्ण प्रजापति): आगामी 10 सितम्बर को पिपली में होने वाली किसान रैली को लेकर भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने गांव नरड, सेगा, ड्योढ़ खेड़ी, शेरगढ़, हरसोला, तितरम, शेरूखेड़ी, देबवन, सोंगल, सेरधा, भाणा, पाई सहित अनेक गांवो का दौरा करके किसानो, मजदूरों, आढतियों को सितंबर को पिपली अनाज मंडी मे होने वाली किसान बचाओ, मंडी बचाओ महारैली में हजारों की संख्या में पहुंचने का न्योता दिया। भाकियू जिलाध्यक्ष होशियार गिल ने कहा कि इस रैली का आयोजन सरकार द्वारा लॉकडाउन की आड़ में पारित किए गए तीन अध्यादेश को लेकर विरोध प्रकट करने के लिए और इन तीनों काले कानूनों को वापस लेने के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को रैली न करने देने के फरमान जारी कर सकती है और किसानों को डरा भी रही है लेकिन किसानों को डरने की जरूरत नहीं है। सरकार को चेतावनी देते हुए होशियार गिल ने कहा कि यदि 10 तारीख की रैली में किसानों को लाठी टच भी हुई तो भाजपा के नेता विधायक और सांसद बनना तो दूर की बात सरपंच बनने के लिए भी तरस जायेंगे।
किसानों ने ज्यादा से ज्यादा संख्या मे आने की बात कही। इस मौके पर भाकियू के जिला अध्यक्ष होशियार गिल प्यौदा, युवा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र दलाल मागो, भारतीय किसान यूनियन सेवादल जिला अध्यक्ष मनजीत करोड़ा, युवा हल्का पुंडरी प्रधान बिट्टू भाणा,
जसविंदर ढुल हरसोला सहित अन्य पदाधिकारी व अन्य वरिष्ठ किसान मौजूद रहे।
बॉक्स- अनेक युवाओं ने भाकियू की सदस्यता ग्रहण करके दिया समर्थन।
1.भारतीय किसान यूनियन का योगेश माजरा को जिला महासचिव नियुक्त किया गया।
2. भारतीय किसान यूनियन हल्का पुंडरी युवा उपाध्यक्ष अजय ढुल पाई को नियुक्त किया गया।
3.भारतीय किसान यूनियन सेवादल हल्का पुंडरी उपाध्यक्ष अमन ढुल पाई को नियुक्त किया गया।
4.भारतीय किसान यूनियन पुंडरी हलका महासचिव कुलदीप ढुल पाई को नियुक्त किया गया।