भाजपा की जनहितैषी नीतियों ने पार्टी में शामिल होने के लिए किया प्रेरित : माजरा
कहा : पिछले 5 वर्षों में हुआ अभूतपूर्व विकास और किसानों को दी गई राहतों से भाजपा का जीत का मार्ग होगा प्रशस्त
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में आगामी विधानसभा चुनाव में 75 पार का नारा होगा सार्थक
कैथल, 25 सितम्बर (कृष्ण प्रजापति): हाल ही में भारतीय जनता पार्टी की जनहितैषी नीतियों में आस्था व्यक्त करते हुए भाजपा में शामिल होने वाले दिग्गज राजनीतिज्ञ रामपाल माजरा ने आर.के.एम. फार्म में आयोजित आयोजित कार्यकत्र्ता सम्मेलन में हजारों कार्यकत्र्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार ने उन्हें भाजपा में शामिल होने के लिए प्रेरित किया है। पिछले 5 वर्षों में भाजपा की सरकार ने अभूतपूर्व विकास करते हुए प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देने, गरीब आदमी तक गैस सिलेंडर पहुंचाने जैसे जनकल्याण के जो कार्य किए है उसके कारण भाजपा ने प्रदेश के लोगों के दिलों में जगह बनाई है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 40 सालों में इनैलो में रहते हुए प्रदेश के किसानों की तरक्की और खुशहाली के लिए उन्होंने जो आवाज बुलंद की है उसका वास्तव में भाजपा सरकार ने क्रियान्वयन किया है और हाल ही में किसानों के लिए केंद्र व हरियाणा ने 12 हजार रुपए सालाना पैसा किसानों के खाते में डालकर जो कार्य किया है उससे मेहनतकश किसान की तरक्की का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इन्हीं सभी नीतियों के चलते उन्होंने भाजपा में जाने का निर्णय लिया और आज कार्यकत्र्ता सम्मेलन में हजारों कार्यकत्र्ताओं ने उनके आह्वान पर यहां पहुंचकर उनके इस निर्णय पर वास्तव में मोहर लगा दी है। उन्होंने कहा कि पिछले 4 दशकों का राजनीतिक जीवन जो इंडियन नेशनल लोकदल के साथ सांझा किया उनसे बाहर आना मेरे लिए बहुत भारी था लेकिन हालात और परिस्थितियों तथा भाजपा की कल्याणकारी नीतियों ने उन्हें भाजपा में शामिल होने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि इस पार्टी में रहकर वह खुलेमन से जहां किसान की हर बात को उठाकर उनके जीवन को खुशहाल बनाने की तरफ अपना मार्गप्रशस्त कर सकते हैं वहीं भाजपा की मैरिट के आधार पर लगाई गई नौकरियां और पर्ची व खर्ची के युग की समाप्ति भी उनके भाजपा में शामिल होने का एक मुख्य कारण रहा। उन्होंने कहा कि बेशक चौ. देवीलाल की अगुवाई में उन्होंने भी इनैलो को बाकी साथियों के अपने खून से सींचने का काम किया था लेकिन हालातों के मद्देनजर उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की नीतियों में आस्था व्यक्त करते हुए और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा पिछले 5 सालों में ईमानदारी से चलाई गई सरकार को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी का अब मजबूती से दामन थामा है। माजरा ने कार्यकत्र्ताओं का आह्वान किया कि वे अनुशासन में रहते हुए आने वाले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का कोई भी प्रत्याशी रहता है उसे सहयोग और समर्थन दें। उन्होंने यह भी कहा कि 36 बिरादरी के साथ मिलकर जो भाजपा का नारा भी है भारतीय जनता पार्टी को एक बार फिर से मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अगुवाई में सत्तासीन होना है और उसके लिए कार्यकत्र्ताओं की मेहनत और समर्पण भाजपा की प्रदेश स्तरीय फतेह में रामबाण सिद्ध होगा। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा द्वारा जम्मू कश्मीर से धारा 370 और 35 ए का हटाना भी जम्मू कश्मीर के लोगों को वास्तविक आजादी देने का काम कर गया। इतने संवेदनशील निर्णय के बाद जिस तरह से भाजपा ने घाटी में हालात पर नियंत्रण रखते हुए शांति व्यवस्था को अब तक कायम रखा है वह देश के लिए अनुकरणीय है। विपक्षी दल बेशक पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं लेकिन अंतर्राष्ट्रीय फलक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो स्थान बनाया है उसने हिंदुस्तान को बैनलअकवामी मंचों पर एक महत्वपूर्ण स्थान दे दिया है।