हरियाणा कांग्रेस में मचा बवाल, अशोक तंवर ने 5 करोड़ में टिकट बेचने का लगाया आरोप
चंडीगढ़/नई दिल्ली (अटल हिन्द ब्यूरो ) : हरियाणा में विधानसभा चुनाव का मंच सज चुका है और भाजपा ने टिकट आवंटन भी कर दिया है। कांग्रेस में टिकट आवंटन से पहले कलह शुरू हो गई है। कलह का आलम ये है आज हरियाणा कांग्रेस के पूर्व प्रमुख अशोक तंवर के समर्थकों ने नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया। समर्थकों को संबोधित करते हुए तंवर ने कहा कि बीते पांच सालों में जिन्होंने पार्टी के लिए काम किया उन्हें टिकट बंटवारे के दौरान अनदेखा किया गया। जिन्होंने पार्टी के खिलाफ काम किया उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने तवज्जो दी है। तंवर ने आरोप लगाया कि सोहना विधानसभा सीट के लिए टिकट 5 करोड़ बेची गई। पिछली कांग्रेस सरकार का जिक्र करते हुए तंवर ने कहा कि ये सरकार बनवाई गई थी। उन्होंने कहा मुझे भी भाजपा ने 3 माह में 6 बार ऑफर दी लेकिन मैं नहीं गया। उन्होंने कहा कि हम हर हाल में परिस्थितियों को संभालेंगे, अगर टिकट बंटवारे में धांधली की गई है तो चुने गए लोगों को कैसे जीत मिलेगी। अशोक तंवर ने कहा कि मैंने पार्टी को अपने खून-पसीने से सींचा है। राजस्थान में नेतृत्व को खत्म किया जा रहा है, हम हमेशा से अपनी पार्टी को लेकर समर्पित रहे हैं। ऐसे लोगों को टिकट क्यों दिए जा रहे हैं जो पहले कांग्रेस की आलोचना करते थे और अब कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को ही राज्य में पूर्व मंत्री रहे कांग्रेस नेता सतपाल सांगवान और पूर्व राज्यसभा सांसद ईश्वर सिंह ने कांग्रेस से इस्तीफा देकर जजपा जॉइन कर ली थी। ईश्वर सिंह ने तो यहां तक कहा था कि कांग्रेस में आलाकमान जैसा कुछ भी नहीं है। सूत्रों के अनुसार पार्टी अभी भी दलबदलू नेताओं को टिकट देने पर विचार कर रही है। एक नेता ने कहा कि तंवर के समर्थकों को अलग-थलग करने के लिए विभिन्न दलों के 10 नेताओं को भी हुड्डा द्वारा टिकट की पेशकश की गई है