अभय चौटाला बोले- भाजपा शासन की कुनीतियों से हर वर्ग त्रस्त, हरियाणा में बढ़ा अपराध और नशा

Team Atal Hind10 August 20263 min read19 viewsसिरसा
अभय चौटाला बोले- भाजपा शासन की कुनीतियों से हर वर्ग त्रस्त, हरियाणा में बढ़ा अपराध और नशा

इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने सिरसा के डबवाली रोड स्थित महाराजा पैलेस में सिरसा व कालांवाली हलके के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक को संबोधित किया। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा शासन में निरंतर अपराध और नशे की बढ़ोतरी हुई है जिससे हरियाणा की छवि पूरे देश में धूमिल हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन की नीतियों से आज हर वर्ग त्रस्त है और इससे छुटकारा चाहता है। इस बैठक में मुख्य रूप से किसानों, बुजुर्गों की पेंशन और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई।

किसानों और बुजुर्गों के मुद्दों पर सरकार को घेरा

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा ने किसानों से उनकी आय दोगुनी करने और स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू करने का भरोसा दिया था मगर सत्तासीन होने के बाद से भाजपा इसे भूल गई है। इतिहास में यह पहली बार है जब किसानों को अंगूठे लगाकर अपनी फसल बेचने पर मजबूर होना पड़ा है। इनेलो ने आंदोलन कर सरकार की इस गलत नीति पर अंकुश लगाया था। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व भी सरकार ने बुजुर्गों की पेंशन को रोकने का प्रयास किया तब भी इनेलो ने आंदोलन की चेतावनी देकर बुजुर्गों की पेंशन बहाल करवाई। भाजपा अंबानी अडानी जैसे उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाकर अनाज मंडियों को बंद करना चाहती है।

चौधरी देवीलाल जयंती का न्योता और कांग्रेस पर निशाना

इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने इस मौके पर दोनों हलकों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से आगामी 27 सितंबर को नूंह में चौधरी देवीलाल जयंती में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया व अन्य लोगों को भी इस कार्यक्रम के लिए न्योता दें। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हरियाणा में भाजपा को तीसरी मर्तबा सत्ता में बने रहने का अवसर कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्यसभा के लिए हुई वोटिंग में 14 कांग्रेस नेताओं ने उनके कहने पर भाजपा को वोट दिया था। भाजपा पर कटाक्ष करते हुए इनेलो नेता ने कहा कि भाजपा शासन में 2 दर्जन घोटाले हुए मगर किसी को भी इसमें कोई सजा नहीं दी गई। इस दौरान इनेलो प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने भी अपने संबोधन में पार्टी कार्यकर्ताओं को चौधरी देवीलाल जयंती को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।

नशे को समाप्त करने के लिए होगा बड़ा ऐलान

बाद में इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने मीडिया से रूबरू होकर कहा कि 27 सितंबर को नूंह में होने वाली चौधरी देवीलाल जयंती कार्यक्रम में इनेलो प्रदेशभर से नशे को समाप्त करने के लिए बड़ा ऐलान करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा आज केंद्र व प्रदेश का खजाना पूरी तरह से लूट रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं का जंतर मंतर पर धरने प्रदर्शन ने हकों की लड़ाई के लिए एक नई दिशा दी है। इस अवसर पर इनेलो प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा, इनेलो जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा, युवा इनेलो जिलाध्यक्ष भगवान कोटली, कालांवाली हलका अध्यक्ष जसविंदर बिंदु, गुरविंदर सिंह गिल, गुरतेज सिंह, महंत बलदेव दास, जिला प्रेस प्रवक्ता महावीर शर्मा, विशाल भाट, विनोद दड़बी, कश्मीर सिंह करीवाला, मनोज सोनी व कृष्ण मेहता आदि पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे।

Share:

Comments

Leave a comment