अभय चौटाला का बड़ा बयान, हरियाणा में नायब सिंह सैनी नहीं बल्कि मनोहर लाल चला रहे हैं सरकार

अभय चौटाला का बड़ा बयान, हरियाणा में नायब सिंह सैनी नहीं बल्कि मनोहर लाल चला रहे हैं सरकार

भाजपा ने हमेशा फूट डालो और राज करो की नीति के तहत भाईचारे को खराब करने का किया काम:अभय चौटाला 

बाबैन /14 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स /सुरेश अरोड़ा

बाबैन में इनैलो पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभय सिंह चौटाला ने एक प्रेस वार्ता के दौरान हरियाणा सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी नहीं बल्कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल सरकार चला रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था का पूरी तरह से दिवाला निकल चुका है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

अपराध और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल

अभय चौटाला ने कहा कि प्रदेश में आए दिन लूटपाट, चोरी, डकैती और हत्याएं देखने को मिल रही हैं। नायब की गूंगी बहरी सरकार बेखौफ अपराधियों की पहुंच से दूर है। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री कोई भी फैसला नहीं ले रहे हैं, बल्कि केन्द्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल प्रदेश में फैसले ले रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सैर सपाटे के अलावा अब कोई काम नहीं बचा है। यह तमाम बातें इनैलो नेता अभय सिंह चौटाला ने पूर्व विधायक शेर सिंह बड़शामी के निवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहीं।

भाजपा पर भाईचारा खराब करने का आरोप

अभय चौटाला ने आरोप लगाया कि भाजपा की प्रदेशाध्यक्ष जाति विशेष के नाम पर प्रदेश में जहर घोलकर माहौल खराब कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा फूट डालो और राज करो की नीति के तहत भाईचारे को खराब करने का काम किया है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार एक साजिश के तहत बुजुर्गों की बुढ़ापा पेंशन काटने का काम कर रही है। लेकिन इनैलो पार्टी जननायक ताऊ देवीलाल द्वारा लागू की गई बुढ़ापा पेंशन योजना किसी भी कीमत पर कटने नहीं देगी। इसके लिए इनैलो प्रदेशभर में जोरदार तरीके से अपनी आवाज उठाने का काम करेगी

प्रधानमंत्री पर कटाक्ष और आगामी रैली की घोषणा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा अमेरिका के राष्ट्रपति के दबाव में आकर ट्रेड डील की गई है। इस डील का विपरीत असर प्रदेशभर के किसानों पर पड़ेगा। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि 27 सितंबर को इनैलो पार्टी द्वारा जननायक ताऊ देवीलाल के सम्मान दिवस पर मेवात के नूंह में एक विशाल रैली आयोजित की जाएगी। इस रैली में प्रदेशभर से लाखों लोग भाग लेंगे। उन्होंने अंत में कहा कि वे पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने का काम करेंगे। इस अवसर पर उनके साथ प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा, पूर्व विधायक शेर सिंह बड़शामी, हलका प्रधान राजेंद्र कश्यप दूधला, प्रवीण शर्मा पिपली, सूबे सिंह त्योड़ी, दीपक धारीवाल आदि कार्यकर्ता मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Share:

Comments

Leave a comment