अभय चौटाला का बड़ा बयान, भाजपा राज में अपराध और नशे से देशभर में धूमिल हुई हरियाणा की छवि

इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला ने सिरसा में कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत की। अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा शासन में निरंतर अपराध और नशे की बढ़ोतरी हुई है, जिससे हरियाणा की छवि पूरे देश में धूमिल हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पूरी तरह से अराजकता का माहौल बना हुआ है।
नूंह रैली और किसानों के मुद्दों पर बड़ा ऐलान
इनेलो नेता ने जानकारी दी कि 27 सितंबर को नूंह में चौधरी देवीलाल जयंती का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में इनेलो प्रदेशभर से नशे को समाप्त करने के लिए एक बड़ा ऐलान करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा आज केंद्र और प्रदेश का खजाना पूरी तरह से लूट रही है। युवाओं द्वारा जंतर मंतर पर किए गए धरने प्रदर्शन ने हकों की लड़ाई के लिए एक नई दिशा दी है। अभय चौटाला ने यह भी कहा कि भाजपा ने किसानों से उनकी आय दोगुनी करने और स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू करने का भरोसा दिया था, मगर सत्ता में आने के बाद भाजपा इसे भूल गई।
किसानों की मजबूरी और पेंशन बहाली का मुद्दा
अभय चौटाला ने कहा कि इतिहास में यह पहली बार देखने को मिला है जब किसानों को अंगूठे लगाकर अपनी फसल बेचने पर मजबूर होना पड़ा है। इनेलो ने आंदोलन कर सरकार की इस गलत नीति पर अंकुश लगाया था। इससे पहले भी जब सरकार ने बुजुर्गों की पेंशन रोकने का प्रयास किया था, तब इनेलो ने आंदोलन की चेतावनी देकर बुजुर्गों की पेंशन बहाल करवाई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अंबानी और अडानी जैसे उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाकर अनाजमंडियों को बंद करना चाहती है।
कांग्रेस और घोटालों पर तीखा हमला
हरियाणा में भाजपा के तीसरी बार सत्ता में बने रहने को लेकर अभय चौटाला ने कहा कि कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा को सत्ता का अवसर दिया है क्योंकि राज्यसभा के लिए हुई वोटिंग में 14 कांग्रेस नेताओं ने उनके कहने पर भाजपा को वोट दिया था। भाजपा पर कटाक्ष करते हुए इनेलो नेता ने कहा कि भाजपा शासनकाल में दो दर्जन घोटाले हुए, मगर किसी भी मामले में किसी को भी कोई सजा नहीं दी गई है।