एबीवीपी ने आईजीयू के कुलपति को विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान हेतु सौंपा ज्ञापन

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर के कुलपति को छात्रों की विभिन्न समस्याओं एवं विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ज्ञापन सौंपा। विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सदैव विद्यार्थियों के हितों एवं उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाता रहा है। इसी क्रम में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय के कुलपति को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में परिषद द्वारा कई प्रमुख मांगें रखी गईं हैं।
विश्वविद्यालय में सुरक्षा और साफ-सफाई की मांग
विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर पुलिस चौकी स्थापित की जाए। हाल ही में हुई डबल मर्डर की घटना को देखते हुए विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर पुलिस चौकी स्थापित की जाए, ताकि परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके। इसके अलावा, विश्वविद्यालय एवं सभी छात्रावासों में नियमित एवं उचित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
खेल सुविधाएं और परिणाम की निश्चित समय-सीमा
विद्यार्थियों की खेल संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को शीघ्र चालू किया जाए। Re-evaluation एवं Re-checking के परिणाम जारी करने के लिए निश्चित समय-सीमा निर्धारित की जाए, ताकि विद्यार्थियों को परिणाम के लिए लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े। विद्यार्थियों को डीएमसी एवं डिग्री उपलब्ध करवाने के लिए भी निश्चित समय-सीमा निर्धारित की जाए, जिससे विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई एवं अन्य प्रक्रियाओं में परेशानी न हो।
छात्र नेताओं की चेतावनी और आगामी योजना
इस अवसर पर इकाई उपाध्यक्ष साहिल ने कहा कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा इन सभी मांगों को एक सप्ताह के अंदर पूरा नहीं किया जाता है, तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विद्यार्थियों के हित में बड़ा आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी। जिला संयोजक विनीत यादव ने कहा कि हाल ही में हुए दोहरे हत्याकांड के बाद विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों में डर का माहौल है। उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता 27 अगस्त 2026, गुरुवार को पुलिस अधीक्षक, रेवाड़ी से मुलाकात कर मीरपुर स्थित पुलिस चौकी को दोबारा चालू करवाने की मांग रखेंगे, ताकि विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इस मौके पर इकाई उपाध्यक्ष कर्मवीर गुर्जर, इकाई मंत्री प्रिया यादव, राकेश, हिमांशु, आकाश, पीयूष, योगेश आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने विश्वविद्यालय प्रशासन से विद्यार्थियों की सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र एवं समयबद्ध कार्रवाई करने की मांग की।