अभाविप ने सिरसा में विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर कुलपति को सौंपा ज्ञापन, चेतावनी दी कि समाधान नहीं हुआ तो होगा आंदोलन

विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर अभाविप ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन
विद्यार्थियों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करेगी विद्यार्थी परिषद: मोहित बिश्रोई
सतीश बंसल/सिरसा / 21 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) सिरसा इकाई द्वारा विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में एक बड़ा प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति को एक ज्ञापन सौंपा गया। अभाविप ने विद्यार्थियों के हित में अपनी प्रमुख मांगें रखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से इन सभी मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की है।
विद्यार्थियों के लिए स्पेशल चांस और फीस में राहत की मांग
ज्ञापन के जरिये विश्वविद्यालय प्रशासन से यह प्रमुख मांग की गई है कि इस वर्ष विद्यार्थियों को दोबारा स्पेशल चांस एवं मर्सी चांस का अवसर दिया जाए। इसके साथ ही अभाविप ने यह भी मांग रखी है कि इन दोनों चांस की फीस को कम किया जाए, ताकि गरीब और जरूरतमंद विद्यार्थियों पर आर्थिक बोझ न पड़े।
पुनर्मूल्यांकन फीस वापसी और समय पर DMC देने की मांग
ज्ञापन में आगे मांग की गई है कि जिन विद्यार्थियों ने पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया है और पुनर्मूल्यांकन के बाद वे उत्तीर्ण हो जाते हैं, उनकी पुनर्मूल्यांकन फीस वापस की जाए। इसके अलावा यह भी मांग की गई है कि परीक्षा परिणाम अंतिम रूप से घोषित होने के 20 दिनों के भीतर उत्तीर्ण विद्यार्थियों को उनकी DMC उपलब्ध करवाई जाए। ऐसा होने से विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई एवं रोजगार संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
समस्याओं का समाधान न होने पर तेज होगा आंदोलन
अभाविप जिला संयोजक मोहित बिश्नोई ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान विश्वविद्यालय प्रशासन की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि इन मांगों पर शीघ्र कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो विद्यार्थी परिषद विद्यार्थियों के हित में अपने आंदोलन को और अधिक तेज करेगी।
प्रदर्शन के दौरान प्रमुख रूप से उपस्थित रहे ये कार्यकर्ता
विश्वविद्यालय परिसर में हुए इस प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान विभाग संयोजक बलविंदर सिंह, जिला संयोजक मोहित बिश्नोई, नगर मंत्री कुमारी तन्नू, विभाग छात्रा प्रमुख कुमारी ममता, तहसील संयोजक साहिल न्यौल, सोशल मीडिया नगर संयोजक राहुल साहू पुनिया, प्रांत संयोजक फार्मा विजन प्रिंस सैनी, एस.एफ.एस. नगर संयोजक प्रिंस लांबा, समृद्धि, ललीता, रजनी सहित बड़ी संख्या में अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।