आदित्य सुरजेवाला का भाजपा सरकार पर हमला, प्रॉपर्टी टैक्स और महंगी बिजली से जनता पर महंगाई का दोहरा बम

कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला ने हरियाणा की भाजपा-नायब सैनी सरकार पर तीखा हमला बोला है। सुरजेवाला ने कहा कि धोखे और उगाही की किस्तें लादने वाली इस नाकाम सरकार ने चोर दरवाजे से प्रदेश की जनता पर महंगाई का एक और भयावह बम फोड़ दिया है। पहली अगस्त 2026 से लागू की गई नई प्रॉपर्टी टैक्स अधिसूचना और बिजली बिलों पर बढ़ाए जा रहे भारी-भरकम सरचार्ज ने राज्य के रिहायशी, कमर्शियल संपत्ति धारकों और 83 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ताओं की कमर तोड़ दी है। विधायक आदित्य सुरजेवाला ने नरवाना विधानसभा में कई सामाजिक कार्यक्रम में भाग लिया और कांवड़ यात्रा के दौरान दो युवाओं की दुर्घटना में अकाल मृत्यु पर शोक संवेदना प्रकट की।
कलेक्टर रेट से जुड़ा प्रॉपर्टी टैक्स
विधायक आदित्य सुरजेवाला ने सरकार की जनविरोधी नीतियों का खुलासा करते हुए कहा कि अब 1 अगस्त 2026 से प्रदेश में प्रॉपर्टी टैक्स की गणना मनमाने ढंग से बढ़ने वाले कलेक्टर रेट को आधार बनाकर होगी। इससे लोगों की जेब पर टैक्स का 20 गुना तक अधिक बोझ बढ़ना तय है। हरियाणा में अब तक प्रॉपर्टी टैक्स की पुरानी व्यवस्था 2013 से चली आ रही थी, जिसे अब एक झटके में नायाब सरकार ने कलेक्टर रेट से जोड़कर प्रॉपर्टी टैक्स को महंगाई का रॉकेट बना दिया है।
कलेक्टर रेट में लगातार बढ़ोतरी
विधायक ने कहा कि 1 अप्रैल 2026 को ही पूरे प्रदेश में आवासीय, व्यावसायिक और कृषि भूमि के कलेक्टर रेट बढ़ने से प्रॉपर्टी के दामों में 75 प्रतिशत तक की भारी बढ़ोतरी हो गई थी। इससे पहले 1 अगस्त 2025 को भाजपा सरकार ने अचानक कलेक्टर रेट में 30 प्रतिशत से 150 प्रतिशत तक की भारी वृद्धि की थी। 1 दिसंबर 2024 को भाजपा सरकार ने शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों की अचल संपत्तियों के कलेक्टर रेट में 10 प्रतिशत से 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी।
बिजली बिलों पर सरचार्ज की मार
सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा भाजपा सरकार ने हाल ही में प्रदेश की जनता को भीषण गर्मी में महंगी बिजली का झटका देते हुए 25 प्रतिशत तक सरचार्ज की शातिराना वसूली का तुगलकी फरमान जारी किया है। बदहाल बिजली व्यवस्था के बीच यह सीधा-सीधा हरियाणा के 83 लाख बिजली उपभोक्ताओं की जेब पर डाका है। नई नीति के तहत, लोड 10 प्रतिशत से अधिक बढ़ते ही नायब सरकार उपभोक्ताओं से 25 प्रतिशत तक का भारी सरचार्ज वसूल करेगी।
कांग्रेस की चेतावनी
आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि नायब सरकार केवल झूठ और लूट के सहारे चल रही है। कांग्रेस पार्टी भाजपा के इस लूट सिस्टम की कड़े शब्दों में निंदा करती है और इन जनविरोधी फैसलों को तुरंत वापस लेने की मांग करती है। यदि ये काले नियम वापस नहीं लिए गए, तो कांग्रेस जनता के हक के लिए सड़कों पर उतरेगी।