कैथल में पत्रकार के साथ दुर्व्यवहार निंदनीय, आदित्य सुरजेवाला ने की दोषियों पर कार्रवाई और सार्वजनिक माफी की मांग

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के सुरक्षाकर्मी द्वारा पत्रकार के साथ दुर्व्यवहार बहुत ही निंदनीय : आदित्य सुरजेवाला
दोषियों पर हो उचित कार्यवाही और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पत्रकारों से सार्वजनिक तौर पर मांगे माफी
कैथल /14 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
कैथल से कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि कैथल में पत्रकार साथी के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मी द्वारा की गई हाथापाई की घटना बेहद निंदनीय, दुर्भाग्यपूर्ण और लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के साथ इस तरह का दुर्व्यवहार और हिंसा किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं हो सकती।
आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि प्रेस की स्वतंत्रता लोकतंत्र की रीढ़ है। सुरक्षाकर्मियों का काम किसी नेता की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, न कि सवाल पूछने वाले पत्रकारों पर हमला करना या उन्हें धमकाना। जब सत्ताधारी दल के प्रदेश अध्यक्ष के सुरक्षाकर्मी खुद पत्रकारों के साथ मारपीट पर उतर आएं, तो यह घटना सिर्फ एक व्यक्तिगत झड़प नहीं, बल्कि प्रेस की आजादी पर हमला है।
विधायक आदित्य सुरजेवाला ने प्रशासन से स्पष्ट मांग की कि दोषी सुरक्षाकर्मी के खिलाफ तुरंत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाए ताकि सच सामने आए और जिम्मेदार लोगों को सजा मिले। उन्होंने कहा कि पत्रकार वीरेंद्र पुरी के साथ हुई इस घटना के लिए सिर्फ सुरक्षाकर्मी ही नहीं, बल्कि उनकी जिम्मेदारी तय करने वाले लोग भी जवाबदेह हैं।
आदित्य सुरजेवाला ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता से भी सार्वजनिक तौर पर पत्रकारों से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सच में प्रेस की आजादी का सम्मान करती है, तो प्रदेश अध्यक्ष को खुद आगे आकर इस घटना की निंदा करनी चाहिए और माफी मांगनी चाहिए। चुप रहना या घटना को हल्के में लेना सत्ता के अहंकार को दर्शाता है।
कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि हम प्रेस की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा के पक्ष में मजबूती से खड़े हैं। पत्रकारों को डरा-धमकाकर या प्रताड़ित करके सवालों से भागने की कोशिश लोकतंत्र को कमजोर करती है। हरियाणा में प्रेस की आजादी पर हमले बढ़ रहे हैं, यह चिंताजनक है और कांग्रेस पार्टी इसके खिलाफ आवाज उठाती रहेगी।
आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। अगर चौथा स्तंभ ही सुरक्षित नहीं रहेगा, तो आमजनमानस का क्या होगा? हम मांग करते हैं कि दोषियों पर तुरंत उचित कार्रवाई हो और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पत्रकार बंधुओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगे