नरवाना में अग्रसेन मेधावी छात्र अवार्ड से सम्मानित होंगे 39 विद्यार्थी, अर्जुन गोयल ने दी जानकारी

अग्रवाल वैश्य समाज नरवाना द्वारा शहर के 39 होनहार विद्यार्थियों को अग्रसेन मेधावी छात्र अवार्ड से सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। यह निर्णय मंगलवार को आयोजित समाज की बैठक में लिया गया जिसकी जानकारी समाज के प्रधान अर्जुन गोयल ने दी है।
किन विद्यार्थियों को मिलेगा सम्मान
हरियाणा बोर्ड एवं केंद्रीय विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा में प्रथम तीन स्थानों पर रहने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान समारोह आगामी 16 अगस्त दिन रविवार को आदर्श बाल मंदिर उच्च विद्यालय, पंजाबी चौक, नरवाना में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के उद्देश्य और अतिथि
प्रधान अर्जुन गोयल ने बताया कि अग्रवाल वैश्य समाज का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी मेहनत एवं उपलब्धियों के लिए प्रोन्नत करना तथा अन्य विद्यार्थियों को भी शिक्षा के प्रति प्रेरित करना है। प्रेस प्रवक्ता दीपक सिंगला ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नरवाना शहर के सुप्रसिद्ध शिक्षाविद एवं राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार विजेता नरेन्द्र गर्ग शिरकत करेंगे वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी अचल मित्तल करेंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रमुख उपस्थिति
महासचिव राहुल बंसल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। बैठक में उपप्रधान जॉनी सिंगल, महासचिव राहुल बंसल, संगठन सचिव अशोक गोयल, दीपक गर्ग, सुनील गर्ग, दिनेश मित्तल, विशाल सिंगला, संदीप सिंगला सहित समाज के अनेक सदस्यों ने भाग लिया और सभी सदस्यों को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।