बिजली निजीकरण के विरोध में AITUC हरियाणा करेगा बिजली कर्मचारियों की हड़ताल का पूर्ण समर्थन: तंवर

Team Atal Hind10 August 20262 min read23 viewsकैथल
बिजली निजीकरण के विरोध में AITUC हरियाणा करेगा बिजली कर्मचारियों की हड़ताल का पूर्ण समर्थन: तंवर

कैथल में बस स्टैंड के प्रांगण में आल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस AITUC जिला कैथल की एक महत्वपूर्ण मीटिंग जिला चेयरमैन हिशम सिंह तंवर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस मीटिंग का संचालन जिला सचिव राजेंद्र मिगलानी व बलवान कुंडू जिला सचिव हरियाणा कर्मचारी महासंघ ने संयुक्त रूप से किया। जिला स्तरीय मीटिंग के साथ-साथ बस स्टैंड परिसर में जोरदार धरना एवं प्रदर्शन भी किया गया।

केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि केंद्रीय ट्रेड यूनियनों एवं संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर आज केंद्र सरकार की मजदूर, कर्मचारी और किसान विरोधी नीतियों के विरोध में भारत छोड़ो आंदोलन की तरह बीजेपी पार्टी को सत्ता त्याग करनी चाहिए और जनता से किए गए झूठे वादों के लिए माफी मांगनी चाहिए।

रिटायर्ड कर्मचारियों की मांगें
जिला प्रधान अशोक कुमार वधवा और बलबीर शयोकंद ने रिटायर्ड कर्मचारियों की मांगों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि पड़ोसी राज्यों पंजाब और हिमाचल में उम्र बढ़ने पर बेसिक पेंशन में बढ़ोतरी लागू की गई है, और वैसी ही सुविधा हरियाणा के रिटायर्ड कर्मचारियों को भी दी जाए। मेडिकल कैशलेस सुविधा को तुरंत पूर्ण रूप से लागू किया जाए, मेडिकल भत्ता 1000 रुपये की बजाय 3000 रुपये किया जाए, एलटीसी सुविधा के बदले गए नियम को पहले की तरह लागू किया जाए, और कम्युटेशन पेंशन की रिकवरी 15 वर्ष की बजाय 12 वर्ष में की जाए।

सरकार को चेतावनी और आगामी रणनीति
मीटिंग में एटक के प्रदेश अध्यक्ष पहल सिंह तंवर, रोडवेज कर्मचारी यूनियन के मुख्य संगठन सचिव कृष्ण किछाना और ऑडिटर महावीर संधू ने संयुक्त रूप से हरियाणा सरकार को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार द्वारा बिजली और रोडवेज कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया गया, तो एटक इस आंदोलन और हड़ताल का पुरजोर समर्थन करेगी। इस दौरान कृष्ण किछाना को रिटायरमेंट कर्मचारी संगठन का कलायत ब्लॉक प्रधान बनाया गया। साथ ही यह भी घोषणा की गई कि रिटायर्ड कर्मचारियों की प्रदेश स्तरीय मीटिंग 31 अगस्त को करनाल मानव सेवा संघ में होगी, जिसमें आगामी रणनीति बनाकर मुख्यमंत्री आवास पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा जाएगा।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment