ऑल इंडिया थल सैनिक कैंप 2026 का समापन, महानिदेशक एनसीसी लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स ने उत्कृष्ट कैडेटों को किया सम्मानित

एनसीसी युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही- लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र
प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का एनसीसी प्लेटफार्म महत्वपूर्ण मंच
थल सैनिक कैंप (एनसीसी) के समापन समारोह में उत्कृष्ट कैडेट सम्मानित
कैंप प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते
महानिदेशक एनसीसी लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स ने विजेता कैडेटों को पुरस्कार देकर बढ़ाया उत्साह,
फतह सिंह उजाला /गुरुग्राम/13 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
ऑल इंडिया थल सैनिक कैंप (एआईटीएससी)-2026 का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। देश के विभिन्न एनसीसी निदेशालयों से आए कैडेटों ने 12 दिवसीय इस राष्ट्रीय स्तर के कैंप में सैन्य प्रशिक्षण, शारीरिक दक्षता और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी कैडेटों ने अपने कौशल और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
विजेता कैडेटों को किया गया सम्मानित
समारोह के मुख्य अतिथि महानिदेशक एनसीसी लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स, वाईएसएम, एसएम, वीएसएम ने विजेता कैडेटों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कैडेटों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन और उत्साह की खुले दिल से सराहना की। उन्होंने कहा कि थल सैनिक कैंप जैसे राष्ट्रीय स्तर के आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का बहुत ही महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।
व्यक्तित्व निर्माण में एनसीसी की महत्वपूर्ण भूमिका
महानिदेशक एनसीसी ने कहा कि प्रतियोगिताओं में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण उनमें भाग लेने की भावना, अनुशासन और निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास होता है। उन्होंने कैडेटों से भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि एनसीसी युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। एनसीसी प्रशिक्षण कैडेटों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, साहस, शारीरिक दक्षता और राष्ट्रभक्ति की भावना को पूरी तरह से विकसित करता है।
राष्ट्रीय एकता और आपसी भाईचारा
लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स ने कैडेटों के उत्साह और उनके शानदार प्रदर्शन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि कैंप में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं ने कैडेटों को अपनी क्षमता परखने का अवसर दिया। इसके साथ ही देश के अलग-अलग राज्यों और एनसीसी निदेशालयों से आए युवाओं के साथ अपने अनुभव साझा करने का भी बेहतरीन मौका मिला है। इस प्रकार के सभी आयोजन राष्ट्रीय एकता और आपसी भाईचारे की भावना को बहुत मजबूत करते हैं।
राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान
उन्होंने सभी कैडेटों से यह विशेष आह्वान किया कि वे एनसीसी से प्राप्त ज्ञान और अपने अनुभव का उपयोग समाज और देश के हित में करें। उन्होंने कैडेटों को अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। महानिदेशक ने सभी प्रतिभागी कैडेटों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं दीं।
प्रशिक्षण अधिकारी और स्टाफ रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण अवसर पर एडीजी ब्रावो मेजर जनरल विकास भारद्वाज, एसएम, ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर राम नरेश, कैंप से जुड़े सभी वरिष्ठ एनसीसी अधिकारी, प्रशिक्षण अधिकारी तथा पूरा प्रशिक्षण स्टाफ वहां मौजूद रहा। ऑल इंडिया थल सैनिक कैंप एनसीसी के सबसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर के कैंपों में से एक है। इसमें देशभर के विभिन्न एनसीसी निदेशालयों से चयनित सीनियर डिवीजन और सीनियर विंग के कैडेट पूरीी संख्या में भाग लेते हैं।