दिल्ली कैंट में ऑल इंडिया थल सैनिक कैंप शुरू, 1564 एनसीसी कैडेट दिखाएंगे सैन्य कौशल

दिल्ली कैंट में ऑल इंडिया थल सैनिक कैंप शुरू, 1564 एनसीसी कैडेट दिखाएंगे सैन्य कौशल

कैंप एनसीसी कैडेट्स के लिए देश का सबसे प्रतिष्ठित प्रशिक्षण-ब्रिगेडियर राम नरेश

देशभर से पहुंचे 1564 कैडेट, 12 दिन तक दिखाएंगे सैन्य कौशल और दमखम

कैडेट्स में एक-दूसरे की संस्कृति, भाषा और कार्यशैली का आदान-प्रदान होगा

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

भारतीय सशस्त्र सेनाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व करने के लिए प्रेरणा मिलेगी

31 अगस्त से 11 सितंबर तक 12 दिवसीय राष्ट्रीय स्तर का सैन्य पशिक्षण शिविर

फतह सिंह उजाला/गुरुग्राम, /01 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

दिल्ली कैंट में ऑल इंडिया थल सैनिक कैंप (एआईटीएससी)-2026 का शुभारंभ हो गया है। यह शिविर 31 अगस्त से 11 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है। इस 12 दिवसीय राष्ट्रीय स्तर के शिविर में देशभर से 1564 एनसीसी कैडेट हिस्सा ले रहे हैं। इस शिविर में सीनियर डिवीजन के 884 कैडेट और सीनियर विंग की 680 महिला कैडेट शामिल हैं। शिविर का आयोजन हरियाणा बटालियन एनसीसी गुरुग्राम एवं एनसीसी ग्रुप मुख्यालय रोहतक के तत्वावधान में किया जा रहा है।

ब्रिगेडियर राम नरेश का बयान

ब्रिगेडियर राम नरेश ने कहा कि ऑल इंडिया थल सैनिक कैंप एनसीसी कैडेटों के लिए देश के सबसे प्रतिष्ठित प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिता आयोजनों में शामिल है। ऐसे शिविर युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों और एनसीसी निदेशालयों से आए कैडेटों को एक-दूसरे की संस्कृति, भाषा और कार्यशैली को समझने का अवसर मिलता है। इससे राष्ट्रीय एकता और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को भी मजबूती मिलती है। यह शिविर कैडेटों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और उन्हें भविष्य में भारतीय सशस्त्र सेनाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व करने के लिए प्रेरित करेगा। शिविर के दौरान कैडेट अपनी प्रतिभा, अनुशासन, शारीरिक क्षमता और सैन्य कौशल का प्रदर्शन करेंगे। यह बातें उन्होंने दिल्ली कैंट में उद्घाटन के मौके पर कहीं।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में शिविर का संचालन

डायरेक्टर जनरल एनसीसी, लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स, वाईएसएम, एसएम, वीएसएम तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में शिविर की प्रशिक्षण, अनुशासन, सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा रहा है। शिविर की व्यवस्थाओं में ब्रिगेड ट्रेनिंग के ब्रिगेडियर तरुण नरूला सहित अनेक अधिकारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। थल सैनिक प्रतियोगिता के ऑफिसर-इन-चार्ज एवं एनसीसी ग्रुप मुख्यालय रोहतक के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर राम नरेश शिविर की विभिन्न गतिविधियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं।

महिला कैडेट्स के लिए विशेष प्रबंध

शिविर में सीनियर विंग की महिला कैडेटों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। उनके रहने, भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं को व्यवस्थित किया गया है। साथ ही चिकित्सा एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं भी शिविर परिसर में उपलब्ध कराई गई हैं। शिविर के सुचारु संचालन के लिए प्रशासन, सुरक्षा, प्रशिक्षण और विभिन्न प्रतियोगिताओं के संचालन की जिम्मेदारी अलग-अलग अधिकारियों और प्रशिक्षण स्टाफ को सौंपी गई है।

मैप रीडिंग से लेकर फायरिंग तक का प्रदर्शन

ऑल इंडिया थल सैनिक कैंप के दौरान कैडेट कई चुनौतीपूर्ण सैन्य एवं कौशल प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। इनमें लाइन एरिया से संबंधित प्रतियोगिताएं, मैप रीडिंग, सैन्य प्रशिक्षण गतिविधियां, फायरिंग एवं निशानेबाजी, टेंट पिचिंग, बैनर प्रतियोगिता सहित सामूहिक और व्यक्तिगत सैन्य कौशल प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से कैडेटों की शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीम भावना का परीक्षण किया जाएगा।

Share:

Comments

Leave a comment