अम्बाला के बराड़ा में अंडरपास में फंसी बच्चों से भरी स्कूल बस, ट्रैक्टर-ट्रॉली से किया रेस्क्यू

अम्बाला के बराड़ा में अंडरपास में फंसी बच्चों से भरी स्कूल बस, ट्रैक्टर-ट्रॉली से किया रेस्क्यू

पानी से लबालब अंडरपास में फंसी बच्चों से भरी स्कूल बस, अटकी सांसें
ट्रैक्टर-ट्रॉली से बच्चों को किया रेस्क्यू, जेसीबी से बस को निकाला

बराड़ा/अम्बाला /पूर्ण सिंह /14 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

सोमवार सुबह बराड़ा क्षेत्र में एक बड़ी घटना होने से टल गई। स्कूली बच्चों से भरी निजी स्कूल की एक बस पानी से लबालब अंडरपास में फंस गई। पानी इतना गहरा था कि ना तो बस बाहर निकल सकती थी और ना ही बच्चे। देखते ही देखते बच्चों में भी अफरातफरी मच गई। एक बस में जहां करीब 30 बच्चे थे, वहीं स्कूल की एक मिनी बस(टाटा ऐस) भी इसी अंडरपास में फंस गई। हालांकि मिनी बस से बच्चे किसी तरह बाहर निकाल लिए गए और यह मिनी बस पानी में तैरने लगी। राहगिरों ने किसी तरह पुलिस को सूचना की और राहत कार्य शुरू किए। करीब 20 मिनट बाद बच्चों को ट्रैक्टर ट्राली के जरिये बस से निकाला और फिर करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बस को पानी से बाहर किया। वहीं लोगों में चर्चा थी कि क्या स्कूल प्रशासन की तरफ से स्टाफ को बच्चों की सुरक्षा की कोई हिदायत नहीं दी गई है। जब अंडरपास में इतना पानी था तो वहां से गुजरने की कोशिश क्यों की।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

अंडरपास पानी से लबालब, लोगों को मुसीबत
उल्लेखनीय है कि अम्बाला-सहारनपुर रेलमार्ग पर बराड़ा में दो अंडरपास बनाए गए हैं। इनमें एक रेलवे स्टेशन के पास है और दूसरा गांव मौजगढ़़ के पास। दोनों ही अंडरपास लोगों के लिए अहमियत रखते हैं कि क्योंकि इन अंडरपास से रोजाना हजारों लोग बराड़ा में आना-जाना करते हैं। लेकिन जब यह दोनों अंडरपास बने हैं, तभी से लोगों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। रेलवे स्टेशन के समीप स्थित अंडरपास में दीवारों से पानी की बौछारें गिरती हैं, जिस कारण अंडरपास में पानी जमा हो जाता है और बारिश के दिनों में लबालब होने के कारण यहां से आवाजाही बंद हो जाती है। वहीं मौजगढ़ के पास वाले अंडरपास से तो कभी पानी सूखा ही नहीं, यहां तो नीचे फर्श से पानी निकलता रहता है। बीते कल से इस अंडरपास में पानी लगातार बढ़ रहा था। बताया जा रहा है कि सोमवार को यहां जलस्तर करीब पांच फुट तक हो गया।

ग्रामीणों ने ट्रैक्ट्रर-ट्राली से बच्चों को निकाला
सोमवार सुबह मौजगढ़ अंडरपास में काफी पानी भरा हुआ था। इस दौरान 30 बच्चों से भरी बराड़ा के एक निजी स्कूल की बस के चालक ने बस को अंडरपास में उतार दिया। लेकिन बीचोंबीच जाने पर पानी गहरा होने के कारण बस आगे नहीं जा सकी। ऐसे में बस बीच में फंस गई और बच्चों में अफरातफरी मच गई। पानी इतना गहरा था कि बस के अंदर घुसने लगा। यहां से गुजर रहे जब राहगिरों ने इसे देखा तो डायल 112 को सूचना दी। वहीं, इस बस के अलावा निजी स्कूल के बच्चे ले जा रही एक मिनी बस (टाटा ऐस) भी यहां फंस गई। हालांकि किसी तरह पीछे की तरफ से इस वाहन से बच्चे निकाल लिए गए और यह वाहन पानी के बीच तैरने लगा। सूचना मिलते ही बराड़ा थाना प्रभारी रामकरण अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वाहनों को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया। सबसे पहले बच्चों को बस से निकालने के लिए स्थानीय लोगों का सहारा लिया। नजदीक ही रेत बजरी का काम करने वाला एक व्यक्ति ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर अंडरपास के बीच पहुंचा और बस के साथ लगाकर बच्चों को एक-एक करके ट्रॉली में शिफ्ट किया। ट्रॉली के जरिये बच्चों के बाहर निकलने पर उन्होंने राहत की सांस ली। इसके बाद दूसरी बस से बच्चों को स्कूल भेजा गया। वहीं इसके बाद जेसीबी की मदद से बस को बाहर निकाला गया।

लोगों की मांग- अंडरपास से हो निकासी की सुविधा
लोगों की सुविधा के लिए बनाया गया रेलवे अंडरपास बरसात के दिनों में लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनता जा रहा है। गनीमत रही कि आज कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात होते ही रेलवे अंडरपास में भारी जलभराव हो जाता है। पानी इतना अधिक भर जाता है कि वाहन बीच रास्ते में फंस जाते हैं और लोगों की जान जोखिम में पड़ जाती है। लोगों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। बार-बार होने वाले जलभराव को लेकर अब प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि रेलवे अंडरपास में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।

वर्जन
सूचना मिलने पर वह चौकी प्रभारी शीशपाल व अन्य कर्मचारियों के साथ अंडरपास में पहुुंचे। पानी से भरे अंडरपास में उतरकर बच्चों को बच्चों को सुरक्षित स्कूल पहुंचवाया और कई घंटे की मशक्कत के बाद दोनों वाहनों को बाहर निकलवाया।
रामकरण, थाना प्रभारी, बराड़ा

Share:

Comments

Leave a comment