अम्बाला में चोरी के आरोपी समेत सामूहिक विवाह और महिला मोर्चा के अभियान से जुड़ी बड़ी खबरें

अम्बाला से जुड़ी आज की मुख्य खबरों में चोरी के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी, बराड़ा में 10 कन्याओं का सामूहिक विवाह और भाजपा महिला मोर्चा द्वारा प्रदेशभर में चलाए जाने वाले अभियान की महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल हैं। इन सभी खबरों की विस्तृत जानकारी नीचे दी गई है।
अम्बाला में गाँव सम्भालखा से घर से नकदी व अन्य सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक नवीन कुमार ने बताया कि एक महिला ने थाना साहा में शिकायत दी थी कि 2 अगस्त को अज्ञात आरोपियों ने गाँव सम्भालखा स्थित उसकी माता के घर से नकदी व अन्य सामान चोरी किया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने थाना साहा में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त आरोपी सागर उर्फ पोन्डी निवासी गांव सम्भालखा थाना साहा जिला अम्बाला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी से पीतल की परात बरामद की है और आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया।
बराड़ा में 10 कन्याओं का सामूहिक विवाह
समाज सेवा और सहयोग की भावना को आगे बढ़ाते हुए अंकुश साई द्वारा संगत व क्षेत्रवासियों के सहयोग से बराड़ा में 10 कन्याओं का सामूहिक विवाह करवाया गया। इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के युवा जिला अध्यक्ष हर्ष कोचर अपने साथियों सहित समारोह में पहुंचे और अपनी ओर से सहयोग प्रदान करते हुए नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। हर्ष कोचर ने कहा कि जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ा होकर उनके सुख-दुख में सहभागी बनना ही समाज सेवा का वास्तविक उद्देश्य है। सामूहिक विवाह समारोह में हर्ष कोचर ने कहा कि ऐसे आयोजन जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत का माध्यम बनते हैं। इससे जहां परिवारों पर विवाह का आर्थिक बोझ कम होता है, वहीं समाज में सहयोग, भाईचारे और मानवता की भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि सेवा केवल आर्थिक सहयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय किसी परिवार के साथ खड़ा होना भी सच्ची सेवा है। समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर जरूरतमंद परिवारों की मदद करनी चाहिए, ताकि कोई भी परिवार आर्थिक अभाव के कारण अपनी बेटी के विवाह को लेकर चिंतित न रहे। हर्ष कोचर ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। जब समाज के लोग किसी जरूरतमंद परिवार की मदद के लिए एकजुट होते हैं तो उसका प्रभाव केवल एक परिवार तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी बल मिलता है। उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ईश्वर उनके जीवन को प्रेम, सुख-समृद्धि और खुशियों की कामना की। इस अवसर पर मौजूद लोगों ने भी सामूहिक विवाह समारोह को जरूरतमंद परिवारों के लिए सहारा देने वाला सराहनीय प्रयास बताया।
महिला मोर्चा चलाएगा प्रदेशभर में अभियान
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रिचा पाहवा ने कहा कि प्रदेश में महिला शक्ति को संगठन की मजबूत ताकत बनाकर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के दिशा-निर्देश में महिला मोर्चा प्रदेशभर में महिलाओं को संगठन से जोडऩे, नई एवं युवा महिला कार्यकर्ताओं को आगे लाने तथा बूथ स्तर तक महिला संगठन को मजबूत करने के लिए अभियान चलाएगा। रिचा पाहवा ने बराड़ा स्थित अपने निवास पर कार्यकर्ताओं और क्षेत्र वासियों से रूबरू होते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल की है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का मार्ग प्रशस्त हुआ है। ऐसे में महिला मोर्चा की जिम्मेदारी है कि वह महिलाओं को नेतृत्व के लिए अभी से तैयार करे। उन्होंने कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता के मार्गदर्शन में प्रत्येक बूथ पर महिला कार्यकर्ताओं की मजबूत एवं सक्रिय टीम तैयार करने पर जोर रहेगा। महिलाओं की भागीदारी केवल संगठनात्मक कार्यक्रमों तक सीमित न रहकर सामाजिक सरोकारों, जनसमस्याओं और राजनीतिक गतिविधियों में भी बढ़ाई जाएगी। रिचा पाहवा ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ से लेकर नारी शक्ति वंदन अधिनियम तक केंद्र सरकार के कदम महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव हैं। भाजपा महिलाओं को केवल योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और नीति-निर्माण की सक्रिय भागीदार के रूप में आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा में बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक महिलाएं महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा विशेष रूप से नई एवं युवा महिलाओं को संगठन से जोडऩे पर ध्यान देगा। कार्यकर्ता महिलाओं से निरंतर संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझने के साथ उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दें। उन्होंने कहा कि हरियाणा की बेटियों ने खेल, शिक्षा, सेना, प्रशासन और राजनीति सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता दे रही है। महिला मोर्चा इन योजनाओं को महिलाओं तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि महिला शक्ति को संगठन की शक्ति बनाकर भाजपा को जमीनी स्तर पर और मजबूत करना ही महिला मोर्चा का लक्ष्य है।