अंबाला में सिख संगत और पुलिस के बीच टकराव, वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल

अंबाला में सिख संगत और पुलिस के बीच टकराव, वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल

अंबाला में गुरुवार को उस समय बड़ा विवाद हो गया जब पंजाब के हिंदू नेता गुरसिमरन सिंह मंड के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सिख संगत सड़कों पर उतर आई। इस दौरान पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। विवाद इतना बढ़ा कि पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया। सिख संगत ने दिल्ली-अमृतसर मार्ग तथा चंडीगढ़-दिल्ली मार्ग जाम करते हुए जमकर हंगामा किया। संगत ने कई घंटे तक हंगामा किया और वाहनों में तोड़फोड़ की। इस दौरान पुलिस ने रोकने की कोशिश की, लेकिन बोले-सो निहाल का उद्घोष करते हुए भीड़ नहीं रुकी। अंबाला-नारायणगढ़ रोड नेशनल हाइवे-7 पर जाम की स्थिति पैदा हो गई है। भीड़ को तीतर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़ दिए। इसी दौरान हाईवे पर स्थित एनसीसी स्कूल प्रबंधन ने हंगामे को देखते हुए छुट्टी रोक दी, जिससे बच्चे अंदर ही फंस गए। बच्चों को लेकर चिंतित अभिभावक लगातार फोन करते रहे। भीड़ की मांग है कि मंड के खिलाफ केस दर्ज हो। साथ ही मंड पर हमले के आरोप में जिन युवाओं पर कार्रवाई हुई, उसे बंद कराई जाए।

गुरुद्वारा पंजोखरा साहिब में हुआ था विवाद

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

इंटरनेशनल एंटी खालिस्तान टेरेरिस्ट फ्रंट के अध्यक्ष गुरसिमरन मंड 7 अगस्त को अपनी वाई प्लस सिक्योरिटी के साथ गुरुद्वारा पंजोखरा साहिब में पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद खड़ा हुआ। आरोप है कि मंड की गाड़ी ने संगत को टक्कर मारी। इससे गुस्साई भीड़ और निहंगों ने मंड को सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा था। इनोवा गाड़ी को तोड़ दिया था। आज इस मुद्दे पर गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब में सिख संगत की बैठक हुई। इसमें हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य और विभिन्न जत्थेबंदियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। सदस्यों का आरोप है कि गुरसिमरन सिंह मंड की शिकायत पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की, जबकि गुरुद्वारा प्रबंधन की शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

बैठक में पहुंचे कई बड़े नेता और अधिकारी

बैठक में कहा गया कि उस दिन मंड की गाड़ी से हादसा हुआ। इनोवा को मंड का बेटा भवजोत सिंह चला रहा थे। संगत ने इस मामले की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। गुरुद्वारे के आसपास एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। बैठक में पंजाब के खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह और माता बलविंदर कौर पहुंचे। एचएसजीएमसी अध्यक्ष जगदीश सिंह झींडा, उपाध्यक्ष गुरबीर सिंह तलाकौर, बलविंदर सिंह भिंडर, रुपिंदर सिंह, रुपिंदर सिंह लाडी, सुखदेव सिंह, गुरतेज सिंह, गुरजीत सिंह धमोली, हरिंदर सिंह राछेड़ी, निर्मल सिंह जौला और बलकार सिंह मर्दों साहिब मौजूद रहे। काफी देर हंगामे के बाद पुलिस के आला अधिकारी तथा जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने सिख संगत को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर मामले को शांत कराया। जिला प्रशासन ने सिख संगत से लिखित में बयान दर्ज करवाने को कहा है।

Share:

Comments

Leave a comment