कलह चाहिए, शांति से अपना क्या लेना-देना!
रिश्तों में कलह: हर बहस जीतकर भी इंसान हारता क्यों है?
बादाम पाक खाने बैठे हों, पहला चम्मच मुंह में डालें और बादाम कड़वी निकल जाए, तो पूरा स्वाद चौपट हो जाता है। लेकिन जीवन का स्वाद बिगाड़ने के लिए किसी कड़वी बादाम की जरूरत नहीं। पड़ोसी की एक टिप्पणी, पत्नी का एक सवाल, पति का एक जवाब, भाई का एक हिसाब और रिश्तेदार की एक मुस्कान काफी है। फिर ऐसी कड़वाहट घुलती है कि मुंह में मिठाई और मन में जहर उतर आता है। बादाम पाक की कड़वाहट थूककर दूर की जा सकती है, लेकिन रिश्तों में घुली कड़वाहट थूकने जाएं तो रिश्ते ही बाहर आ जाते हैं। आदमी ने जिंदगी को सुखी बनाने के लिए न जाने कितने साधन जुटाए, मगर सुखी रहना नहीं सीखा। घर बड़े हो गए, दिल छोटे हो गए। संचार के साधन बढ़ गए, संवाद घट गया। मोबाइल ने दुनिया को मुट्ठी में कर दिया, लेकिन आदमी अपने क्रोध को मुट्ठी में नहीं कर पाया। अब हर हाथ में मोबाइल है और हर दिमाग में मिसाइल। फर्क इतना है कि मिसाइल चलाने से पहले अनुमति लेनी पड़ती है, जुबान चलाने के लिए किसी अनुमति की जरूरत नहीं। लिहाजा, घर-घर में वाक्-युद्ध जारी है।
युद्धविराम की घोषणा कोई नहीं करना चाहता, क्योंकि सबको शांति चाहिए, मगर अपनी शर्तों पर। हमारे समाज में शांति की प्रतिष्ठा तो बहुत है, लेकिन उसकी उपयोगिता संदिग्ध मानी जाती है। जो चुप रहे, उसे कमजोर समझो। जो सहन करे, उसे डरपोक समझो। जो झगड़े में न पड़े, उससे पूछो कि कहीं उसकी तबीयत तो खराब नहीं! यहां विवाद करना सक्रियता और विवाद से बचना कायरता का प्रमाणपत्र बन गया है। आदमी किसी से नाराज न हो तो लोग चिंतित हो जाते हैं कि इसकी दुश्मनी किससे चल रही है। लगता है, मनुष्य की सामाजिक पहचान अब उसके सद्गुणों से नहीं, उसके झगड़ों की संख्या से तय होने लगी है।
कलह का पहला और सबसे भरोसेमंद कारखाना हमारी जुबान है। भगवान ने बोलने से पहले दो होंठ और बत्तीस दांत दिए, ताकि शब्दों की सुरक्षा जांच हो सके। लेकिन आदमी ने इस प्राकृतिक व्यवस्था को भी नाकाम कर दिया। होंठ और दांत अपना कर्तव्य निभाते रह जाते हैं और जुबान बिना अनुमति के सीमा पार कर जाती है। पानी छानकर पीने वाले लोग शब्द बिना छाने पिला देते हैं। पानी में जीव न मरें, इसकी चिंता है; शब्दों से किसी का मन मर जाए, इसकी कोई चिंता नहीं। भोजन में कंकड़ निकल आए तो शिकायत होती है, बातचीत में अपमान निकल आए तो सफाई मिलती है,'मैं तो मजाक कर रहा था!' यह हमारे समय का सबसे सुविधाजनक बचाव है। पहले किसी को अपमानित करो, फिर उसे मजाक घोषित कर दो। सामने वाला बुरा मान जाए तो गलती उसकी, क्योंकि उसे हंसना नहीं आता!
अपनी कटुता को स्पष्टवादिता और दूसरे की प्रतिक्रिया को असहिष्णुता बताना आज का लोकप्रिय शिष्टाचार है। हम सुनते कम हैं, सुनाते ज्यादा हैं। दूसरे की बात पूरी होने से पहले ही हमारे भीतर जवाब का प्रसव हो जाता है। तर्क खत्म हो जाए तो आवाज ऊंची कर लो, आवाज से काम न चले तो पुराना हिसाब खोल लो। बीस साल पहले शादी में किसने कितनी मिठाई खाई थी और किसने लिफाफे में कितने रुपये रखे थे, सब याद आ जाएगा। मनुष्य की स्मरणशक्ति भी कमाल की है,अच्छे काम भूल जाता है, अपमान ब्याज समेत याद रखता है।
कलह का दूसरा बड़ा कारण धन-संपत्ति है। धन कमाने के लिए भाई-भाई एकजुट होते हैं और बांटने के लिए वकील के साथ खड़े होते हैं। पिता के जीवित रहते सेवा का दावा, संपत्ति की चर्चा आते ही अधिकार का हिसाब और वसीयत सामने आते ही रिश्तों का पोस्टमार्टम! जिस मकान को पिता ने परिवार को एक छत देने के लिए बनाया था, उसी मकान की दीवारें भाइयों के बीच सरहद बन जाती हैं। आंगन एक होता है, मगर दिलों में नियंत्रण रेखा खिंच जाती है। संपत्ति अगली पीढ़ी को सुख देने के लिए जुटाई जाती है, मगर कई बार वही अगली पीढ़ी के दुख का स्थायी निवेश बन जाती है। पिता जीवनभर जोड़ते हैं, बेटे मुकदमे में खर्च करते हैं और वकील उस जोड़-घटाव का लाभ उठाते हैं। आखिर में मकान किसी एक के नाम हो जाता है, मगर परिवार किसी के पास नहीं बचता। धन कमाना बुरी बात नहीं, लेकिन धन के लिए संबंध गंवाना वैसा ही है, जैसे तिजोरी बचाने के लिए घर में आग लगा दी जाए।
कलह का तीसरा कारण नासमझी है। बच्चे लड़ते हैं, पांच मिनट बाद साथ खेलने लगते हैं। मगर बड़े बीच में कूद पड़ें तो बच्चों का झगड़ा खानदानी युद्ध में बदल जाता है। बच्चे खिलौने के लिए लड़ रहे थे, बड़ों ने उसमें जाति, प्रतिष्ठा, संस्कार और पुरखों का अपमान खोज लिया। बच्चों की दोस्ती बहाल हो जाती है, बड़ों की दुश्मनी स्थायी हो जाती है। बच्चे स्कूल में साथ बैठते हैं और उनके माता-पिता मोहल्ले में एक-दूसरे को देखकर रास्ता बदल लेते हैं। क्रोध करने वालों की भी अलग-अलग प्रजातियां हैं। पेट्रोलमैन को जरा-सी चिंगारी चाहिए, फिर वह खुद भी जलता है और आसपास वालों को भी जलाता है। घासमैन देर से सुलगता है, लेकिन सुलगने के बाद धुआं बहुत करता है। लकड़ीमैन देर तक सहन करता है, फिर ऐसा भड़कता है कि पिछले सारे धैर्य का हिसाब एक साथ चुकता कर देता है। गोल्डनमैन वह है जो विपरीत परिस्थितियों में भी संतुलन बनाए रखता है। उसे जितना तपाओ, वह उतना निखरता है। वाटरमैन सबसे ऊंची श्रेणी का जीव है। वह केवल अपना क्रोध शांत नहीं करता, दूसरों की आग भी बुझा देता है।
समस्या यह है कि पेट्रोलमैन को समाज में दर्शक, समर्थक और सोशल मीडिया पर अनुयायी खूब मिल जाते हैं। वाटरमैन की बात सुनने के लिए धैर्य चाहिए, जबकि पेट्रोलमैन की बात पर तालियां बजाने के लिए केवल उत्तेजना काफी है। इसलिए शांति के संदेश से ज्यादा तेजी से नफरत का संदेश फैलता है। एक आदमी सौ लोगों को शांत करे तो खबर नहीं बनती, एक आदमी सौ लोगों को भड़का दे तो चर्चा का विषय बन जाता है। हमारे समय में क्रोध केवल व्यक्तिगत कमजोरी नहीं रहा, वह सार्वजनिक प्रदर्शन भी बन गया है। लोग नाराजगी जताते नहीं, उसका विज्ञापन करते हैं। असहमति व्यक्त नहीं करते, चरित्र प्रमाणपत्र बांटते हैं। विचारों का विरोध करना पर्याप्त नहीं, विरोधी को बुरा इंसान सिद्ध करना भी जरूरी समझते हैं। दुनिया के शक्तिशाली देश भी इस मामले में पीछे नहीं हैं। वे शांति की बातें करते हैं और हथियारों के भंडार भरते हैं। सम्मेलन होते हैं, घोषणाएं होती हैं, तस्वीरें खिंचती हैं और फिर कहीं न कहीं युद्ध की आग भड़क उठती है। यह कुछ वैसा ही है, जैसे कोई आदमी एक हाथ से घर में आग लगाए और दूसरे हाथ से अग्निशमन विभाग को दान दे। राष्ट्रों का अहंकार टकराता है, सत्ता की प्रतिष्ठा दांव पर लगती है और जान आम नागरिक गंवाते हैं। युद्ध का निर्णय लेने वाले अक्सर सुरक्षित कमरों में बैठते हैं, जबकि उसकी कीमत चुकाने वाले अपने घर, परिवार और भविष्य खो देते हैं।
हथियारों और युद्ध की तैयारी पर खर्च होने वाला धन शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार और मानवीय विकास में लगे तो दुनिया कितनी बदल सकती है। मगर मनुष्य ने विनाश के साधन जुटाने में जितनी बुद्धि लगाई है, उतनी बुद्धि आपसी विश्वास पैदा करने में लगाई होती तो शायद शांति कोई दुर्लभ वस्तु नहीं होती।
जैन परंपरा के दसवें तीर्थंकर भगवान शीतलनाथ का नाम शीतलता और शांति की प्रेरणा देता है। उनके जीवन से जुड़ी परंपरागत कथा में भी शीतलता का संदेश मिलता है। मगर सवाल यह है कि हम धार्मिक कथाएं सुनकर लौटते समय कितनी शीतलता अपने साथ लाते हैं? प्रवचन में क्रोध त्यागने की बात सुनकर सिर हिलाना आसान है, घर पहुंचकर अपनी आवाज धीमी करना कठिन। मंदिर में क्षमा की महिमा सुनना आसान है, भाई से पुराना हिसाब माफ करना कठिन। संतों के सामने विनम्र होना आसान है, घर के कमजोर सदस्य के सामने विनम्र होना कठिन। हम धर्म को भी कई बार आत्मसुधार का नहीं, आत्मसंतोष का साधन बना लेते हैं। प्रवचन सुनकर लगता है कि सुधार की जरूरत दुनिया को है, हमें नहीं। हम मान लेते हैं कि पेट्रोलमैन कोई दूसरा है, जबकि हमारे भीतर का पेट्रोल रोज हमारी ही जुबान से छलक रहा होता है।
हम कहते हैं, 'उसने मुझे गुस्सा दिलाया।' मगर किसी के व्यवहार से क्रोध उत्पन्न होने और क्रोध के अनुसार व्यवहार करने में फर्क है। सामने वाला धक्का दे सकता है, लेकिन प्रतिक्रिया का चुनाव हमारा है। दूध से भरा गिलास गिरने पर दूध बिखरेगा, खाली गिलास गिरेगा तो दूध नहीं बिखरेगा। इसी तरह भीतर क्रोध भरा हो तो छोटी-सी बात भी उसे बाहर ले आती है। प्रश्न केवल यह नहीं कि सामने वाले ने क्या किया; प्रश्न यह भी है कि हमने अपने भीतर क्या जमा कर रखा है। समाज को बदलने की चिंता में लगे लोगों को पहले अपने भीतर झांकना चाहिए। हर घर में शांति चाहिए, लेकिन शुरुआत कोई अपने व्यवहार से नहीं करना चाहता। हर व्यक्ति चाहता है कि दूसरा पहले माफी मांगे, दूसरा पहले झुके, दूसरा पहले बदले। नतीजा यह कि दोनों अपनी-अपनी जगह अड़े रहते हैं और रिश्ता बीच में दम तोड़ देता है। शांति का सबसे बड़ा शत्रु हमेशा दूसरा व्यक्ति नहीं होता; कई बार हमारा अपना अहंकार होता है, जिसे हम आत्मसम्मान का नाम देकर पालते रहते हैं।
जीवन में यह संकल्प लेने की जरूरत है कि हर विवाद में कूदना जरूरी नहीं, हर बात का जवाब देना जरूरी नहीं और हर बहस जीतना भी जरूरी नहीं। कभी-कभी चुप रहना हार नहीं, रिश्ते को बचाने की समझदारी है। क्षमा करना कमजोरी नहीं, अपने मन को दूसरे के व्यवहार की कैद से मुक्त करना है। आइए, अपना वर्गीकरण करें। हम पेट्रोलमैन हैं, घासमैन हैं, लकड़ीमैन हैं, गोल्डनमैन हैं या वाटरमैन? जवाब ईमानदारी से दीजिएगा। यह आत्मनिरीक्षण है, पड़ोसी के चरित्र का सर्वेक्षण नहीं। क्योंकि दुनिया में कलह कम करने का सबसे आसान तरीका यही है कि हर आदमी दूसरे को सुधारने से पहले अपने भीतर की आग बुझाए। वरना हम जीवनभर शांति के प्रवचन सुनते रहेंगे, कलह के अवसर तलाशते रहेंगे और अंत में शिकायत करेंगे कि जीवन में आनंद क्यों नहीं है! याद रखिए, कलह में जीतने वाला भी कुछ न कुछ हारता जरूर है। कभी अपना सुकून, कभी अपना संबंध और कभी अपना पूरा जीवन। और जो हर लड़ाई जीतकर भी अकेला रह जाए, उसे विजेता कहेंगे या अपनी ही जीत का कैदी?—सुभाष बुड़ावन वाला, रतलाम, मप्र.