आईआईटी के फेस्ट से शुरू हुई थी आईएएस-आईएफएस पावर कपल आरुषि और चर्चित की प्रेम कहानी, संघर्ष के बाद ऐसे पाई मंजिल
इंजीनियरिंग कॉलेज के फेस्ट की एक साधारण सी मुलाकात कब देश के सबसे चर्चित आईएएस-आईएफएस पावर कपल की लव स्टोरी में बदल जाए,यह शायद उत्तर प्रदेश के इन दोनों अधिकारियों ने भी कभी नहीं सोचा होगा। भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारी आरुषि मिश्रा ने एक हालिया इंटरव्यू में अपनी यूपीएससी की कठिन यात्रा के साथ उस खूबसूरत दोस्ती का भी खुलकर जिक्र किया,जिसने उनकी पूरी जिंदगी की दिशा ही बदल दी। खास बात यह है कि आरुषि ने ही अपने खास दोस्त चर्चित गौड़ को सिविल सेवा की तैयारी के लिए प्रेरित किया था। जहां चर्चित ने अपने पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर आईएएस बनने का गौरव पाया, वहीं आरुषि को शुरुआती चरणों में लगातार असफलताओं का सामना करना पड़ा। हालांकि, उन्होंने हार नहीं मानी और अंततः भारतीय वन सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया दूसरी रैंक हासिल कर दिखाई। संघर्ष और सफलता के इसी उतार-चढ़ाव भरे सफर के बीच दोनों की दोस्ती प्यार में बदली और फिर वे हमेशा के लिए एक-दूसरे के हमसफर बन गए।
रायबरेली से शुरुआती पढ़ाई और मेधावी सफर
आरुषि मिश्रा के पिता अजय कुमार मिश्रा प्रयागराज में वकालत करते हैं, जबकि उनकी माता नीता मिश्रा एक इंटर कॉलेज में रसायन विज्ञान की प्रवक्ता हैं। दो भाई-बहनों में आरुषि सबसे बड़ी हैं। उनके छोटे भाई अर्णव मिश्रा वर्ष 2023 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और झारखंड कैडर में एसडीएम के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।
31 जनवरी 1991 को जन्मीं आरुषि ने रायबरेली के सेंट पीटर्स स्कूल से 10वीं की परीक्षा 95 प्रतिशत अंकों के साथ पास की। गणित में 100 में से 100 अंक हासिल करने के बाद उन्होंने आईआईटी में प्रवेश पाने का लक्ष्य तय किया और इसके लिए कोटा जाकर कोचिंग की। इसके बाद उन्होंने एसजेएस पब्लिक स्कूल से 12वीं की परीक्षा 91 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की और एक बार फिर गणित में 100 में 100 अंक प्राप्त किए। पहले प्रयास में मनपसंद कॉलेज न मिलने पर उन्होंने दोबारा प्रयास किया और आईआईटी रुड़की से मेटलर्जी इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की।
आईआईटी फेस्ट में हुई थी चर्चित गौड़ से पहली मुलाकात
कोटा में पढ़ाई के दौरान आरुषि ने गणित ओलंपियाड में 500 में से 500 अंक हासिल करके चर्चा में आए चर्चित गौड़ का नाम सुना था। उस वक्त चर्चित आईआईटी दिल्ली में केमिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे। दोनों की पहली मुलाकात बाद में आईआईटी दिल्ली के एक फेस्ट के दौरान हुई, जो धीरे-धीरे एक गहरी दोस्ती में बदल गई। बीटेक की पढ़ाई पूरी होने के बाद दोनों अपने करियर की दिशा तय करने में जुट गए, लेकिन उनका संपर्क लगातार बना रहा।
आरुषि ने दिखाई UPSC की राह, चर्चित बने IAS
बीटेक के बाद आरुषि ने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने का मन बनाया। इस दौरान चर्चित गौड़ भी उनके संपर्क में रहे और दोनों ने साथ मिलकर यूपीएससी की तैयारी शुरू की। गणित की छात्रा होने के बावजूद आरुषि ने समाजशास्त्र (Sociology) को अपना वैकल्पिक विषय चुना, क्योंकि इसमें उनकी खासी रुचि थी।
किस्मत ने दोनों के लिए अलग रास्ते तय कर रखे थे। चर्चित गौड़ ने वर्ष 2016 में अपने पहले ही प्रयास में यूपीएससी परीक्षा पास कर आईएएस बनने का सपना पूरा किया और उन्हें मणिपुर कैडर मिला। वहीं, दूसरी ओर आरुषि को लगातार असफलताओं का सामना करना पड़ा।
कमियों पर काम कर हासिल की शानदार सफलता
लगातार असफलताओं और मानसिक दबाव के बीच आरुषि ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने अपनी कमजोरियों पर काम करना शुरू किया। उन्होंने पाया कि प्रीलिम्स में अच्छे अंक लाने के बावजूद मेन्स परीक्षा में वे उत्तरों को जरूरत से ज्यादा लंबा लिख देती थीं, जिससे उनके अंक प्रभावित होते थे। उन्होंने अपनी रणनीति बदली, उत्तर लेखन (Answer Writing) पर खास जोर दिया और सफल उम्मीदवारों की कॉपियों से सीख ली।
कड़ी मेहनत का परिणाम यह रहा कि आरुषि ने UPSC 2018 में 229वीं रैंक हासिल कर भारतीय राजस्व सेवा (IRS) में जगह बनाई। इसी दौरान उन्होंने UPPCS परीक्षा में 16वीं रैंक हासिल की और डिप्टी एसपी पद के लिए चुनी गईं। हालांकि, उनका सफर यहीं नहीं रुका; उन्होंने भारतीय वन सेवा (IFoS) की परीक्षा दी और ऑल इंडिया दूसरी रैंक हासिल कर उत्तर प्रदेश कैडर प्राप्त किया।
दोस्ती से प्यार और शादी तक का सफर
UPSC की तैयारी के उतार-चढ़ाव के बीच दोनों की दोस्ती समय के साथ और अधिक मजबूत होती गई। एक तरफ जहां चर्चित गौड़ प्रशासनिक सेवा में आगे बढ़ रहे थे, वहीं आरुषि भी अपने सपनों को पूरा करने में जुटी रहीं। लंबे समय तक चली यह दोस्ती आखिरकार प्यार में बदल गई और वर्ष 2021 में दोनों ने शादी कर ली। आज यह पावर कपल अपनी पेशेवर और व्यक्तिगत जिंदगी में एक मिसाल बन चुका है।