{"vars":{"id": "91925:5179"}}

अवतारी पुरुष को गुस्सा भी आता है? मोदी पर व्यंग्य

अवतारी पुरुष को गुस्सा भी आता है? नरेंद्र मोदी की राजनीति, महिला आरक्षण, महंगाई और जनता के सवालों पर राजेन्द्र सिंह जादौन का तीखा व्यंग्यात्मक संपादकीय।
 
अवतारी पुरुष को गुस्सा भी आता है?* व्यंग्यात्मक संपादकीय- राजेन्द्र सिंह जादौन वर्तमान में मुझे जो भी दिखाई दे रहा है, सब कुछ ओ माई गॉड! जैसा लग रहा है। लगता है, कलियुग में भगवान भी अपने भक्तों की परीक्षा लेते-लेते खुद परीक्षा देने लगे हैं। कहीं कांजीभाई की दुकान गिर जाती है तो वह भगवान पर ही मुकदमा ठोक देता है। उधर भगवान के भक्त बाबा अपना-अपना पक्ष रखते हैं और भक्ति की दुकान पहले की तरह चालू रहती है। कहानी बड़ी दिलचस्प है। भगवान की अदालत में भक्त सवाल पूछ रहा है और भक्तों की अदालत में भगवान के वकील दलीलें दे रहे हैं। जनता तमाशा देख रही है और आस्था का कारोबार अपने पूरे शबाब पर है। अब समझ में नहीं आता कि भगवान भक्तों की सुन रहे हैं या भक्त भगवान की तरफ से सफाई दे रहे हैं! लेकिन आज एक नया सवाल पैदा हो गया है क्या अवतारी पुरुष को भी गुस्सा आता है? बचपन से सुनते आए हैं कि संत पुरुष को क्रोध नहीं करना चाहिए। गीता में भी क्रोध के दुष्परिणाम बताए गए हैं। अब भगवान को तो हम सर्वज्ञ, सर्वशक्तिमान और धैर्य की प्रतिमूर्ति मानते हैं। फिर ये क्या हुआ कि हमारे भक्ति वाले भगवान को भी गुस्सा आ गया! खबर आई कि नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि पीएम की कुर्सी पर बैठना है तो पहले जनता के दिल जीतने होंगे। महिलाओं और गैर-सरकारी संगठनों को आगे करके सत्ता हासिल करने की कोशिशों पर भी उन्होंने सवाल उठाए। अब सवाल यह है कि बात गलत भी तो नहीं है! आखिर सत्ता की कुर्सी पर बैठने के लिए जनता का दिल जीतना ही चाहिए। लोकतंत्र में कुर्सी किसी की निजी जागीर थोड़े ही है कि जब मन किया, विराजमान हो गए। जनता मालिक है और नेता उसके सेवक! कम से कम किताबों में तो यही लिखा है। लेकिन साहब, यही बात जब हम उलटी दिशा में देखने लगते हैं तो लोकतंत्र का आईना थोड़ा धुंधला दिखाई देने लगता है। दूसरों को जनता का दिल जीतने की सलाह देना बहुत अच्छी बात है, मगर एक सवाल यह भी है कि जनता का दिल जीतने का पैमाना आखिर तय कौन करेगा? जनता का दिल जीतना जरूरी है, तो जनता के सवालों का जवाब देना भी जरूरी है। महिलाओं को आगे करने पर आपत्ति क्यों होनी चाहिए? महिलाएं इस देश की आधी आबादी हैं। वे केवल चुनावी मंच की शोभा बढ़ाने, रैलियों में भीड़ जुटाने या राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में किसी का पक्ष मजबूत करने के लिए नहीं हैं। वे अपने अधिकारों, सम्मान और प्रतिनिधित्व के लिए खुद खड़ी हो सकती हैं। महिलाओं की आवाज को राजनीति का हथियार बताने से पहले यह भी देखना चाहिए कि उनकी समस्याओं पर कितनी गंभीरता से काम हुआ है। और रही बात 35 प्रतिशत आरक्षण की, तो जरा ठहरिए मोदी जी! देश की महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण मिल चुका है, ऐसा कह देना आसान है; लेकिन किस क्षेत्र में, किस कानून के तहत और किस तारीख से लागू हुआ यह बताना भी जरूरी है। महिला आरक्षण कानून और उसके वास्तविक क्रियान्वयन के बीच का अंतर जनता को समझाना भी लोकतंत्र की जिम्मेदारी है। महिलाओं के लिए आरक्षण की बात हो तो श्रेय लेने की होड़ लग जाती है, लेकिन जब महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा, रोजगार और राजनीतिक भागीदारी की बात आती है, तब सवाल पूछने वालों को विपक्ष का एजेंट बताना कहां तक उचित है? वैसे, राजनीति में गुस्से का अपना अलग विज्ञान है। विपक्ष गुस्सा करे तो वह हताशा कहलाता है, पत्रकार सवाल पूछे तो वह एजेंडा कहलाता है और सत्ता पक्ष नाराज हो जाए तो उसे राष्ट्रहित की चिंता बता दिया जाता है। वाह रे लोकतंत्र! यहां भावनाओं का भी पार्टीवार वर्गीकरण होता है। अब हमारे भक्तों को कौन समझाए कि नरेंद्र मोदी भी इंसान हैं। उन्हें गुस्सा आ सकता है, नाराजगी हो सकती है, वे विपक्ष पर हमला भी कर सकते हैं। इसमें कोई आश्चर्य नहीं होना चाहिए। लेकिन जब कोई नेता खुद को मजबूत नेतृत्व का प्रतीक बनाकर पेश करता है, तब उससे अपेक्षाएं भी बड़ी होती हैं। नेता की असली परीक्षा विरोधियों को जवाब देने में नहीं, बल्कि अपने समर्थकों के कठिन सवालों का जवाब देने में होती है। चुनावी भाषण में विपक्ष को घेरना आसान है, लेकिन महंगाई से परेशान परिवार, रोजगार तलाशता युवा, अपने अधिकार मांगती महिला और विज्ञापन के इंतजार में बैठा छोटा अखबार जब सवाल पूछता है, तब असली परीक्षा शुरू होती है। पेट्रोल-डीजल की कीमतों से लेकर रसोई गैस के खर्च तक, बेरोजगारी से लेकर सरकारी योजनाओं के लाभ तक, आम आदमी रोज अपने बजट का हिसाब लगाता है। उसे इस बात से ज्यादा मतलब नहीं कि किस नेता ने किस विपक्षी नेता को कितनी जोरदार फटकार लगाई। उसे तो यह जानना है कि उसकी जिंदगी आसान कब होगी। और पत्रकार का काम तो सवाल पूछना ही है। वह सवाल पूछेगा, सत्ता को असहज भी करेगा और जवाब मांगने के लिए दरवाजे पर खड़ा भी रहेगा। अगर सत्ता को हर सवाल में साजिश दिखाई देने लगे तो फिर लोकतंत्र में सवाल पूछने की जगह कहां बचेगी? कांजीभाई भगवान पर मुकदमा कर सकता है, भक्त बाबा भगवान का पक्ष रख सकते हैं और नरेंद्र मोदी विपक्ष पर बरस सकते हैं। सबको अपनी बात कहने का अधिकार है। लेकिन जनता को भी यह अधिकार है कि वह पूछे महाराज, उपदेश तो बहुत सुना, अब हिसाब भी बता दीजिए! आखिर जनता ने आपको सत्ता की कुर्सी पर बैठाया है, तो जनता के सवालों का सामना करना भी पड़ेगा। जनता का दिल जीतने की सलाह राहुल गांधी और कांग्रेस को देना अच्छी बात है, लेकिन अपने शासन के कामकाज को जनता की कसौटी पर परखना उससे भी अच्छी बात है। क्योंकि लोकतंत्र में अवतार होने का दावा किसी को सवालों से ऊपर नहीं कर देता। और अंत में भक्तों से एक विनम्र निवेदन है। भगवान को भगवान ही रहने दीजिए और नरेंद्र मोदी को नरेंद्र मोदी। दोनों के बीच इतना अंतर तो रहने दीजिए कि भगवान से भक्त प्रार्थना कर सके और नरेंद्र मोदी से नागरिक सवाल पूछ सके। वरना कल को कोई जनता महंगाई पर सवाल पूछ देगी और जवाब मिलेगा पहले हमारे दिल जीतकर दिखाओ! तब हम भी पूछेंगे, महाराज, दिल जीतने का चुनावी वादा तो आपने किया था, अब दिल की सुनने की बारी आपकी नहीं है क्या? झोला छाप खबरी की कलम से बस इतना ही सत्ता में बैठने के लिए जनता का दिल जीतना जरूरी है और सत्ता में बने रहने के लिए जनता का भरोसा। दोनों में अंतर समझना ही असली राजधर्म है।
राजेन्द्र सिंह जादौन
# ### व्यंग्यात्मक संपादकीय | राजेन्द्र सिंह जादौन विशेष संपादकीय | अटल हिन्द