IPS की पत्नी IAS प्रतिभा सिंह को मिली नई जिम्मेदारी, फिरोजाबाद विकास प्राधिकरण की संभाली कमान
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल के तहत फिरोजाबाद-शिकोहाबाद विकास प्राधिकरण (विप्रा) के उपाध्यक्ष पद पर आईएएस अधिकारी प्रतिभा सिंह की नियुक्ति की गई है। विकास प्राधिकरण के गठन के करीब तीन दशक बाद पहली बार इस पद पर पूर्णकालिक अधिकारी की तैनाती हुई है। इससे पहले कई वर्षों तक जिलाधिकारी के पास उपाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार रहा, जबकि बाद में नगर आयुक्त को यह जिम्मेदारी सौंपी जाती रही।
पूर्णकालिक उपाध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर एफएम सिटी निवासी शुभम कौशिक ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इसके बाद शासन ने आगरा की अपर आयुक्त प्रतिभा सिंह को फिरोजाबाद-शिकोहाबाद विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है।
कौन हैं IAS प्रतिभा सिंह?
प्रतिभा सिंह 2020 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। वह मूल रूप से राजस्थान की रहने वाली हैं। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद सिविल सेवा में कदम रखा। उनका शुरुआती चयन तेलंगाना कैडर में हुआ था। आईपीएस अधिकारी आदित्य लांग्हे से विवाह के बाद उनका कैडर उत्तर प्रदेश में स्थानांतरित हो गया।
अमरोहा में अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई से आईं चर्चा में
प्रतिभा सिंह अमरोहा में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के पद पर तैनाती के दौरान अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर चर्चा में आई थीं। उन्होंने बिना लेआउट पास कराए विकसित की जा रही कॉलोनियों और काटे जा रहे प्लॉटों के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की थी।
आगरा में उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद उनका तबादला नगर निगम में हुआ और बाद में अपर आयुक्त के पद पर तैनाती मिली।
सोमवार को संभाला पदभार
विकास प्राधिकरण के सचिव विनोद कुमार पांडेय के अनुसार, प्रतिभा सिंह ने सोमवार को आगरा में ही अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। उनके मंगलवार सुबह फिरोजाबाद स्थित कार्यालय पहुंचने की संभावना जताई गई है।
##