{"vars":{"id": "91925:5179"}}

BPSC Success Story: किसान की बेटी स्मृति भारद्वाज बनीं SDM! समस्तीपुर की बेटी ने 160वीं रैंक हासिल कर रचा इतिहास

BPSC Success Story: किसान की बेटी स्मृति भारद्वाज बनीं SDM! समस्तीपुर की बेटी ने 160वीं रैंक हासिल कर रचा इतिहास
 

BPSC Success Story: सफलता किसी महंगी कोचिंग या बड़े शहर की मोहताज नहीं होती, इसे एक बार फिर साबित कर दिखाया है बिहार के समस्तीपुर की बेटी स्मृति भारद्वाज ने। अपनी कड़ी मेहनत, निरंतरता और अटूट आत्मविश्वास के दम पर स्मृति ने 70वीं BPSC परीक्षा में 160वीं रैंक हासिल की है और एसडीएम (SDM) बनने का अपना सपना पूरा किया है।

स्मृति एक साधारण ग्रामीण परिवार से आती हैं, जहाँ उनके पिता किसान और माँ शिक्षिका हैं। घर में पढ़ाई-लिखाई का सकारात्मक माहौल तो था, लेकिन BPSC जैसी कठिन परीक्षा में सफलता पाने के लिए उन्होंने किसी कोचिंग के बजाय अपनी खुद की मेहनत और सटीक रणनीति पर ही पूरा भरोसा जताया।

ग्रेजुएशन के बाद तय किया BPSC का लक्ष्य

स्मृति भारद्वाज ने अपनी उच्च शिक्षा बिहार से की है। स्मृति भारद्वाज ने वर्ष 2022 में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (LNMU) से इंग्लिश लिटरेचर में ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है। ग्रेजुएशन की पढ़ाई खत्म होने के बाद ही उनके मन में समाज के लिए कुछ करने की इच्छा जागी और उन्होंने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की तैयारी करने का निर्णय ले लिया।

लगातार दो बार BPSC परीक्षा में पाई सफलता

स्मृति की सफलता की कहानी किसी एक प्रयास की देन नहीं है। उन्होंने इससे पहले 69वीं BPSC परीक्षा में भी सफलता हासिल प्राप्त की थी। लेकिन उनका लक्ष्य प्रशासनिक सेवा में टॉप पद पाना था। पहली कामयाबी मिलने के बाद भी स्मृति रुकी नहीं और अपनी पढ़ाई करती रही। अगली ही परीक्षा यानी 70वीं BPSC में उन्होंने अपना 100 प्रतिशत देकर 160वीं रैंक हासिल की और SDM का प्रतिष्ठित पद हासिल किया।

बिना किसी महंगी कोचिंग के घर पर की तैयारी

आज के समय में जहां परीक्षार्थी लाखों रुपये खर्च करके बड़े शहरों में कोचिंग के लिए जाते हैं, वहीं स्मृति ने सेल्फ-स्टडी करके इतना बड़ा मुकाम हासिल कर लिया। उन्होंने किसी बड़े या महंगे कोचिंग इंस्टीट्यूट में एडमिशन नहीं लिया। तैयारी के दौरान उन्होंने केवल 10 से 15 दिनों की एक छोटी सी वर्कशॉप में भाग लिया था ताकि उत्तर लेखन की बारीकियों को अच्छे से समझ सकें। बाकी पूरी तैयारी उन्होंने खुद किताबों और डिजिटल संसाधनों की हेल्प से घर पर रहकर ही पूरी की है।

छात्रों के लिए सीख और प्रेरणा

बता दें कि स्मृति भारद्वाज अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार को और अपनी निरंतरता को दिया हैं। जानकारी दें दें कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर भी स्मृति अपनी तैयारी के अनुभव साझा करती हैं जिससे अन्य परीक्षार्थियों का मार्गदर्शन हो सके। उनकी यह यात्रा बिहार और देश भर के उन लाखों छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा बनी है छोटे तबके से होकर भी बड़े सपने देखते हैं। साफ तौर पर स्मृति की कामयाबी से ये साबित होता है कि हर दिल में कुछ करने की लगन हो और कड़ी मेहनत की जाए तो हर मुकाम हासिल किया जा सकता है।