{"vars":{"id": "91925:5179"}}

पटना-औरंगाबाद सफर होगा सुपरफास्ट! 665 करोड़ से बनेगा 4 लेन बाईपास, डेढ़ घंटे में पहुंचेंगे पटना

राष्ट्रीय राजमार्ग-139 (NH-139) को फोरलेन करने और अरवल में बाईपास निर्माण की मंजूरी केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से मिलने पर जिलेवासियों में खुशी की लहर है। सड़क के चौड़ीकरण से पटना और औरंगाबाद के बीच का सफर बेहद आसान और सुगम हो जाएगा।
 

अरवल। राष्ट्रीय राजमार्ग-139 (NH-139) को फोरलेन करने और अरवल में बाईपास निर्माण की मंजूरी केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से मिलने पर जिलेवासियों में खुशी की लहर है। सड़क के चौड़ीकरण से पटना और औरंगाबाद के बीच का सफर बेहद आसान और सुगम हो जाएगा।

वर्तमान में अरवल शहर में बालू ढोने वाले भारी ट्रकों के कारण ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित रहती है और आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। बाईपास का निर्माण पूरा होने के बाद भारी वाहन शहर के बाहर से ही निकल जाएंगे, जिससे शहर के भीतर गाड़ियों का दबाव घटेगा और आम लोगों को लंबे जाम से बड़ी राहत मिलेगी।

12.93 किमी लंबे ग्रीनफील्ड बाईपास के लिए भूमि अधिग्रहण तेज

जिले में हसनपुर पीपरा से कोरियम तक 12.93 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड फोरलेन बाईपास के निर्माण की प्रक्रिया तेज हो गई है। लगभग 665.5 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाली इस सड़क के लिए 55.81 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है, जिसमें 20 गांवों के 756 भूखंड शामिल हैं।

भूमि अधिग्रहण पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार के अनुसार, अब तक 15 मौजों के 320 भूखंडों की अधिघोषणा का प्रस्ताव राष्ट्रीय उच्च पथ औरंगाबाद प्रमंडल को भेजा जा चुका है। शेष भूखंडों के लिए रैयतों की पहचान और सर्वे कार्य पूरा कर जल्द प्रस्ताव भेजने की तैयारी की जा रही है।

इन गांवों में होगा भूमि अधिग्रहण

परियोजना के तहत सकरी, रसीदपुर, काजीचक, इस्लामपुर, भूसड़ा, वासिलपुर, सिपाह, चिरैयाटांड़, प्यारेचक, दरवेशपुर, बैदराबाद, कंसोपुर, हसनपुर पीपरा, कोरियम, कोनिका, मखदुमपुर कबीर, सैदपुर धावा, डांगरा आहर, समनपुर और पिपरा बंगला खानकुलीपुर के भूखंडों का अधिग्रहण किया जाएगा।

भूमि अधिग्रहण पदाधिकारी की मानें तो, कोरियम के 64, कोनिका के 92, डांगरा आहर के 157, समनपुर के 60 और पिपरा बंगला के 61 भूखंडों की अधिघोषणा के लिए प्रस्ताव जल्द भेज। अधिघोषणा के बाद तय होगा मुआवजा अधिघोषणा प्रकाशित होने के बाद संबंधित रैयतों से आपत्तियां ली जाएंगी।

आपत्तियों के निष्पादन के बाद भूमि के मूल्यांकन के लिए नियमानुसार प्राक्कलन तैयार किया जाएगा। राशि स्वीकृत होने के बाद रैयतों के नाम मुआवजा राशि का पंचाट तैयार होगा।

भूमि अधिग्रहण पदाधिकारी ने किसानों से खतियान, केवाला, ऑनलाइन जमाबंदी और खेसरा सहित जमीन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने की अपील भी कर दी है

क्या कहते हैं पदाधिकारी?

बता दें कि एनएच-139 के कार्यपालक अभियंता तुलसी प्रसाद कहते है कि परियोजना पर करीब 665.5 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसमें भूमि अधिग्रहण और निर्माण की लाग भी शामिल है। लेकिन वहीं भूमि अधिग्रहण विभाग का प्राक्कलन आने के बाद लागत में बदलाव होने के भी आसार है।

क्या कहते हैं लोग?

स्थानीय निवासी बलिराम पाठक बताते है कि बाईपास के निर्माण होने से शहर में जाम की समस्या से मुक्ति मिल जाएगी। अभी पैदल चलने में भी जाम के कारण दिक्कत होती हैं। स्कूली बच्चे घंटों जाम में फंसे रहते हैं।

रविशंकर चौरसिया का कहते है कि बाईपास निर्माण के बाद भारी वाहन शहर के बाहर से निकलेंगे। जिससे शहरी इलाके में वायु प्रदूषण, धुआं और गाड़ियों के हॉर्न का शोर काफी हद तक कम हो जाएगा।

वहीं आशीष कुमार ने कहा कि बाईपास के निर्माण से आसपास के ग्रामीण इलाकों को भी मुख्य बाजार और शहरों से बेहतर और आसान आवागमन की सुविधा मिलती है। बाईपास के किनारे वाले गांवों का विकास होगा।

साधु सिंह ने कहा कि एनएच-

139 फोरलेन होने से जिले में व्यावसायिक गतिविधियां तेज होंगी। एक से डेढ़ घंटे में राजधानी पहुंच जाएंगे। अभी जाम के कारण पटना जाने में 3 घंटे लगते हैं।