{"vars":{"id": "91925:5179"}}

हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला: 40 साल से अधिक उम्र की अविवाहित शिक्षिकाओं को तबादले में मिलेंगे 10 अतिरिक्त अंक

हरियाणा में 40 वर्ष से अधिक उम्र की अविवाहित महिला शिक्षकों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने अब शिक्षक तबादला नीति-2026 के तहत ऐसी शिक्षिकाओं को भी ट्रांसफर में 10 अतिरिक्त अंकों का लाभ देने का निर्णय लिया है।
 

चंडीगढ़: हरियाणा में 40 वर्ष से अधिक उम्र की अविवाहित महिला शिक्षकों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने अब शिक्षक तबादला नीति-2026 के तहत ऐसी शिक्षिकाओं को भी ट्रांसफर में 10 अतिरिक्त अंकों का लाभ देने का निर्णय लिया है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में नई नीति को चुनौती दिए जाने के बाद सरकार की ओर से यह कदम उठाया गया है।

सरकार ने अदालत के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए स्पष्ट किया कि 40 साल से अधिक आयु की अविवाहित शिक्षिकाओं को भी अब विधवा, तलाकशुदा और कानूनी रूप से अलग रह रही महिला शिक्षकों की श्रेणी में रखकर ही यह रियायत दी जाएगी। इसके लिए जल्द ही ट्रांसफर पॉलिसी में आवश्यक संशोधन किए जाएंगे, जिससे सभी पात्र शिक्षिकाएं समय रहते जानकारी प्राप्त कर इसका दावा कर सकें।

हाईकोर्ट में क्यों दायर की गई थी याचिका?

हरियाणा की पीजीटी शिक्षिका सूर्या मौदगिल और उनके अन्य साथी शिक्षकों ने अधिवक्ता सरदविंदर गोयल के जरिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। याचिकाकर्ताओं ने शिक्षक तबादला नीति-2026 के नियमों पर सवाल उठाए थे।

उनकी सबसे मुख्य आपत्ति यह थी कि नीति में विधवा, तलाकशुदा, न्यायिक रूप से अलग रह रही महिलाओं और एकल अभिभावकों (Single Parents) को तो 10 अतिरिक्त अंकों का फायदा दिया जा रहा था, लेकिन 40 वर्ष से अधिक उम्र की अविवाहित शिक्षिकाओं को इस दायरे से बाहर रखा गया था।

याचिकाकर्ताओं की दलील और संवैधानिक तर्क

कोर्ट में दी गई याचिका में कहा गया कि 40 की उम्र पार कर चुकीं अविवाहित महिलाएं भी अपनी सामाजिक और पारिवारिक परिस्थितियों की वजह से कई तरह की चुनौतियों से गुजरती हैं। ऐसे में उन्हें ट्रांसफर में मिलने वाले अतिरिक्त अंकों के लाभ से अलग रखना पूरी तरह से अनुचित है।

शिक्षकों की ओर से इस अंतर को असंवैधानिक करार दिया गया। याचिकाकर्ताओं का तर्क था कि अविवाहित शिक्षिकाओं को सिर्फ इसलिए इस सुविधा से वंचित नहीं किया जा सकता कि यह लाभ अविवाहित पुरुष शिक्षकों को नहीं दिया गया है। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 15 का हवाला देते हुए कहा कि यह अनुच्छेद राज्य सरकार को महिलाओं के कल्याण के लिए विशेष प्रावधान बनाने का पूरा अधिकार देता है। इसी के बाद सरकार ने अपनी नीति में बदलाव करने की बात स्वीकार की।