Punjab Four Lane Highway: जालंधर से मोगा-फिरोजपुर का सफर होगा सुपरफास्ट! 669 करोड़ की लागत से बनेगा 40 KM फोरलेन हाईवे, 1 घंटा बचेगा समय
जालंधर। जालंधर से मोगा, फिरोजपुर और कपूरथला की ओर यात्रा करने वाले लोगों का सफर आने वाले समय में बेहद सुगम और कम समय वाला हो जाएगा। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने दिल्ली-अमृतसर-कटड़ा एक्सप्रेसवे से जालंधर की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए 669.12 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है।
इस परियोजना के तहत जालंधर-मोगा रोड को जालंधर-कपूरथला रोड और कपूरथला-सुल्तानपुर लोधी रोड से जोड़ने वाले दो खंडों में कुल 39.5 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस योजना में चार प्रमुख फ्लाईओवर भी शामिल हैं, जिन पर करीब 90 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इन फ्लाईओवरों को सीधे दिल्ली-जम्मू-कटड़ा एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा, जिससे जालंधर और आसपास के ग्रामीण इलाकों के साथ-साथ अन्य प्रमुख शहरों तक पहुंचना आसान हो जाएगा।
फोरलेन हाईवे और फ्लाईओवर के निर्माण से यात्रा के समय में बड़ी बचत होगी। वर्तमान में जालंधर से मोगा और फिरोजपुर जाने वाले वाहन चालकों को करीब 2 से ढाई घंटे का समय लगता है, लेकिन प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद इसमें करीब एक घंटे की कमी आने का अनुमान है। इसी तरह जालंधर से सुल्तानपुर लोधी पहुंचने में भी लगभग एक घंटे का ही समय लगेगा। बेहतर सड़क संपर्क से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र में व्यापार और माल ढुलाई को भी नई गति मिलेगी।
इसके अतिरिक्त, परियोजना में सड़क सुरक्षा और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है। हाईवे के किनारे ट्रामा सेंटर स्थापित किए जाएंगे, ताकि किसी भी सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तत्काल इलाज मिल सके और उन्हें दूर स्थित अस्पतालों तक ले जाने की मजबूरी खत्म हो।
यहां बनेंगे राउंडग्लास फ्लाईओवर
नकोदर से फिल्लौर की तरफ मोगा हाईवे से कनेक्टिविटी देने के लिए इस हिस्से में फ्लाईओवर बनाया जाएगा।
जालंधर-कपूरथला रोड पर फ्लाईओवर का निर्माण होगा, जिससे कपूरथला की तरफ जाने वाले वाहनों को सीधी कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
गांव कंग साबू के अंदर हाईवे पर फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इससे आसपास के गांवों को भी सड़क से जुड़ने में सुविधा मिलेगी।
सुरानुस्सी-कपूरथला रोड इस हिस्से में फ्लाईओवर बनाया जाएगा, जिससे कपूरथला रोड और एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
( इन फ्लाईओवरों का मकसद सिर्फ एक्सप्रेसवे को जोड़ना नहीं, बल्कि आसपास के गांवों को भी हाईवे नेटवर्क से जोड़ना है।)
दिल्ली-अमृतसर-कटड़ा एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा नेटवर्क
प्रस्तावित सड़क और फ्लाईओवरों के जरिये जालंधर-मोगा रोड, जालंधर-कपूरथला रोड और सुल्तानपुर लोधी की ओर जाने वाले रास्ते दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे से जुड़ेंगे। इससे दिल्ली, जम्मू और कटरा की ओर जाने वाले वाहनों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। आसपास के गांवों से एक्सप्रेसवे तक पहुंचना भी आसान हो जाएगा।
टोल प्लाजा की जगह अभी तय नहीं
हाईवे प्रोजेक्ट में टोल प्लाजा भी बनाए जाएंगे, लेकिन उनकी जगह को लेकर अभी अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है। निर्माण योजना और डिजाइन को अंतिम रूप देने के बाद ही स्थान तय होगा।
दो हिस्सों में निर्माण, 548 दिन का लक्ष्य
पहले हिस्से में जालंधर-मोगा रोड से जालंधर-कपूरथला रोड तक करीब 15.5 किलोमीटर सड़क बनेगी। दूसरे हिस्से में जालंधर-मोगा रोड से कपूरथला-सुल्तानपुर लोधी रोड तक करीब 24 किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी। दोनों हिस्सों की कुल लंबाई 39.5 किलोमीटर होगी। निर्माण पूरा करने के लिए 548 दिन तय किए गए हैं। टेंडर के अनुसार, बिड जमा करने की अंतिम तारीख 16 दिसंबर 2026 और बिड खोलने की तारीख 17 दिसंबर 2026 है।