{"vars":{"id": "91925:5179"}}

आजादी की पहली लड़ाई को समर्पित शहीद स्मारक का उद्घाटन 5 नवंबर को गृह मंत्री अमित शाह करेंगे - ऊर्जा मंत्री अनिल विज

आजादी की पहली लड़ाई को समर्पित शहीद स्मारक का उद्घाटन 5 नवंबर को गृह मंत्री अमित शाह करेंगे - ऊर्जा मंत्री अनिल विज
 

ऊर्जा मंत्री ने उद्घाटन अवसर पर गांधी ग्राउंड में आयोजित होने वाली रैली में अधिक से अधिक संख्या में लोगों को पहुंचने का किया आह्वान्

चंडीगढ़,

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह आगामी 5 नवंबर को अम्बाला छावनी में निर्मित शहीद स्मारक का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद में गांधी ग्राउंड में कार्यकर्ताओं की बड़ी रैली होगी। उन्होंने कहा इस रैली एवं शहीदी स्मारक कार्यक्रम में पहुंचना लोगों के लिए बड़ी बात है। सरकार  के आदेशानुसार हरियाणा के स्कूलों व शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को यह शहीद स्मारक अवश्य दिखाया जाएगा ताकि युवाओं को यह पता चल सके कि सन 1857 में मेरठ से पहले अम्बाला में स्वतंत्रता संग्राम शुरू हुआ था। उन्होंने लोगों का आह्वान् किया कि आयोजित रैली में भारी संख्या में पहुंचे। श्री विज बुधवार को अम्बाला शहर के क्लब में शहीद स्मारक कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि शहीद स्मारक निर्माण को लेकर वह पिछले 25-30 वर्षों से प्रयास करते आ रहे हैं। अब तक किताबों में यही पढ़ाया गया कि आजादी की लड़ाई कांग्रेस ने लड़ी, मगर कांग्रेस के जन्म से भी पहले 1857 में एक आजादी की लड़ाई सशस्त्र पूरे हिंदुस्तान में लड़ी गई जिसकी शुरूआत अम्बाला से हुई। उन्होंने कहा कि दस्तावेजों से पता चलता है कि 1857 में मेरठ से दस घंटे पहले नौ बजे अम्बाला छावनी में 60वीं और 5वीं नेटिव इंफेंटरी ने आजादी की लड़ाई का बिगुल बजा दिया था। मगर, इतिहास में कभी भी उन वीरों को याद नहीं किया गया, जिनको पेड़ों से बांध-बांध कर गोलियां मारी गई, जिनके ऊपर कोहलू चलाए गए। उन्होंने कहा कि आजादी के लिए यदि एक कदम भी किसी ने घर से बाहर निकाला, उसे भी नमन करते हैं।

शहीद स्मारक निर्माण के लिए कई बार विधानसभा में उठाई मांग, हमारी सरकार आई तो मिली मंजूरी -अनिल विज

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि 1857 में सारे देश में आजादी की पहली लड़ाई हुई जिसे कभी किसी ने याद नहीं किया और कहीं कोई स्मारक नहीं बनाया, जहां इस लड़ाई को प्रदर्शित किया जा सके। स्मारक निर्माण के लिए विधानसभा में कई बार कांग्रेस सरकार को मजबूर किया, मगर   स्मारक नहीं बनाया। सन् 2014 में भाजपा सरकार आई तो राष्ट्रीय स्तर का स्मारक बनाने की मंजूरी मिली।

800 करोड़ की लागत से तैयार हुआ स्मारक, आधुनिक तकनीक के माध्यम से दिखाया जाएगा इतिहास - विज

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि 1857 में आजादी की पहली लड़ाई को समर्पित शहीद स्मारक का पूरा इतिहास यहां प्रदर्शित होगा। हरियाणा, बिहार, पंजाब और अन्य स्थानों पर जहां-जहां लड़ाई लड़ी गई, वह आधुनिक तकनीक के माध्यम से युद्ध के इतिहास को प्रदर्शित किया जाएगा। शहीद स्मारक लगभग 800 करोड़ रुपए की लागत से बना है और उन्हें यकीन है कि सारा हिंदुस्तान इसे देखने के लिए आएगा। जब ताजमहल देखने विदेशी आएंगे तो शहीद स्मारक को भी अवश्य देखने आएंगे। इसीलिए यहां हेलीपैड की सुविधा भी रखी है।ऊर्जा मंत्री ने कहा कि विशाल शहीद स्मारक को देखने के लिए आने वालों को इतिहास की पूरी जानकारी दी जाएगी। लगभग ढाई हजार लोगों की क्षमता वाला ओपन एयर थियेटर होगा जहां शाम को लाइट, लेजर एंड साउंड शो बड़े कमल के फूल पर प्रदर्शित होगा।

स्मारक में कमल के फूल आकार का मेमोरियल टॉवर आकर्षण का केंद्र होगा - विज

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि 1857 की लड़ाई में देशभर में एक रेजीमेंट से दूसरी रेजीमेंट तक कमल का फूल और रोटी सांकेतिक तौर पर भेजी जाती थी। यह स्वीकार होते ही माना जाता था कि वह रेजीमेंट भी लड़ाई के लिए तैयार है।उन्होंने कहा कि शहीद स्मारक में 68 मीटर ऊंचा कमल के फूल आकार का मेमोरियल टॉवर बनाया है जिसमें दो हाई स्पीड लिफ्ट लगी है। कमल के फूल के अंदर भी संग्राहलय बनाया गया है जोकि आकर्षण का केंद्र होगा। स्मारक में शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए एक गैलरी भी बनाई गई है जिसमें जाने वाले का पूरा रिकार्ड डिजिटल होगा।