चंडीगढ़ कर्मचारियों की मांगों पर अहम बैठक, कई मुद्दों पर सहमति
कर्मचारियों के मुद्दों पर कोऑर्डिनेशन कमेटी की एसई हॉर्टिकल्चर एवं इलेक्ट्रिकल के साथ अहम बैठक
पुनीत महाजन /चंडीगढ़ /25 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
चंडीगढ़। 25 कोऑर्डिनेशन कमेटी ऑफ गवर्नमेंट एंड एम.सी. एम्प्लॉइज एंड वर्कर्स, यूटी चंडीगढ़ की ओर से एसई हॉर्टिकल्चर एवं इलेक्ट्रिकल प्रीतपाल सिंह के साथ कर्मचारियों की विभिन्न मांगों एवं लंबित मुद्दों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभाग के सभी एक्सईएन एवं दफ्तरी अमला भी मौजूद रहा।
बैठक के दौरान कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई तथा कई मांगों पर विभाग की ओर से सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
स्ट्रीट लाइट के निजीकरण का मुद्दा बैठक में प्रमुखता से उठाया गया। इस पर एसई प्रीतपाल सिंह ने आश्वासन दिया कि वर्तमान में विभाग के कार्यों में लगे कर्मचारियों को हटाया नहीं जाएगा तथा आगे की कार्रवाई कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए ही की जाएगी।
इसी प्रकार हॉर्टिकल्चर सुपरवाइजरों को टेक्निकल कैडर में शामिल करने की मांग पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। विभाग की ओर से भरोसा दिलाया गया कि हॉर्टिकल्चर सुपरवाइजरों को टेक्निकल माना जाएगा।
बैठक में कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। इस पर विभागीय अधिकारियों ने समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने तथा भविष्य में कर्मचारियों को वेतन में देरी की समस्या से राहत दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।
इसके अलावा हॉर्टिकल्चर एवं इलेक्ट्रिकल विभाग में लंबित प्रमोशन, डेलीवेज वर्करों को नियमित करने सहित अन्य मांगों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। कई मांगों पर विभाग की ओर से सकारात्मक सहमति बनी, जबकि कुछ मामलों में मौके पर ही समाधान की दिशा में कार्रवाई की गई।
कोऑर्डिनेशन कमेटी ने विभाग की ओर से दिए गए सकारात्मक आश्वासनों का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि शेष लंबित मांगों पर भी जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और कर्मचारियों को राहत मिलेगी।
बैठक में राकेश कुमार, जनरल सेक्रेटरी कोऑर्डिनेशन कमेटी, रघुबीर चंद, कन्वीनर, इलेक्ट्रिकल विभाग से महासचिव दलजीत सिंह तथा हॉर्टिकल्चर विभाग से सुमरमणि, हरजीत सिंह, रामदुलार, अमित कुमार, मनु राम सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।