{"vars":{"id": "91925:5179"}}

पराली प्रबंधन को लेकर सरकार गंभीर, किसानों को उपलब्ध करवाई जा रही मशीनें: श्याम सिंह राणा

पराली प्रबंधन को लेकर सरकार गंभीर, किसानों को उपलब्ध करवाई जा रही मशीनें: श्याम सिंह राणा
 

चंडीगढ़,

हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने करनाल में कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने और फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों को पराली प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ आधुनिक कृषि मशीनों के उपयोग के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पराली प्रबंधन के लिए किसानों को एक लाख 882 मशीनें उपलब्ध करवाई गई है। जिसके कारण पराली जलाने की घटनाएं इस बार ना मात्र की हुई है। उन्होंने कहा कि फसल अवशेषों के उचित निस्तारण पर जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही पराली जलाने की घटनाओं पर निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे पराली को खेतों में न जलाएं और उपलब्ध कृषि यंत्रों तथा वैज्ञानिक तकनीकों का उपयोग करके पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें। पराली का उचित प्रबंधन मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और वायु प्रदूषण कम करने में सहायक है।

उन्होंने मीडिया के सवाल के जवाब में कहा कि प्रदेश में पोर्टल पर रजिस्टर्ड किसानों की फसल खरीदी जा रही है। यूपी से आने वाली धान के बेचने पर भी निगरानी रखी जा रही है और ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है।