{"vars":{"id": "91925:5179"}}

महापुरुष किसी एक समाज के नहीं, बल्कि सर्वसमाज के होते हैं : कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी  

महापुरुष किसी एक समाज के नहीं, बल्कि सर्वसमाज के होते हैं : कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी
 

विश्वकर्मा जयंती पर नरवाना में भव्य कार्यक्रम का आयोजन, जांगड़ा जागृति सेवा समिति ने लगाया रक्तदान शिविर: कैबिनेट मंत्री ने समाज की मांगें पूरी करने का दिया आश्वासन

चंडीगढ़,

हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा है कि महापुरुष किसी एक विशेष जाति या समाज के नहीं होते, बल्कि  सर्वसमाज के होते हैं। महापुरुषों ने अपने विचारों और आदर्शों से पूरे समाज को नई दिशा देने का काम किया है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज तरक्की और उन्नति के रास्ते पर आगे बढ़ सकता है। इसलिए हमें अपने महापुरुषों कि शिक्षाओं को जीवन में अपनाते हुए एक समरस, शिक्षित और उन्नत समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए।

कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी सोमवार को नरवाना में भगवान विश्वकर्मा के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में विश्वकर्मा सभा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि लोगों को संबोधित कर रहे थे। स्थानीय विश्वकर्मा धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृष्टि के निर्माणकर्ता और शिल्पकला के प्रतीक हैं। श्री विश्वकर्मा ने इस सुंदर सृष्टि की रचना और निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भगवान विश्वकर्मा का जीवन हमें सृजन, मेहनत, कौशल और समर्पण की प्रेरणा देता है।

कैबिनेट मंत्री ने कार्यक्रम के भव्य आयोजन के लिए विश्वकर्मा सभा की प्रबंधन समिति को बधाई दी। साथ ही जांगड़ा जागृति सेवा समिति की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। दोनों संस्थाएं सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों के माध्यम से सराहनीय कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार सभी महापुरुषों की जयंती और प्रकाश पर्व को सरकारी स्तर पर मनाने का कार्य कर रही है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को उनके जीवन, संघर्ष और विचारों से प्रेरणा मिल सके। उन्होंने बताया कि हाल ही में कुरुक्षेत्र में भी भगवान श्री विश्वकर्मा की जयंती का राज्य स्तरीय आयोजन किया गया था और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी स्वयं मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी प्रदेश सरकार द्वारा सभी महापुरुषों की जयंती को पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ मनाया जाता रहेगा। इस दौरान कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने विश्वकर्मा समाज की ओर से रखी गई मांगों पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए उन्हें पूरा करवाने का भरोसा दिलाया।