{"vars":{"id": "91925:5179"}}

हरियाणा के मौजूदा डायरेक्टर ऑफ़ प्रॉसिक्यूशन (जनरल) की नियुक्ति में  हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की सहमति अनिवार्य

हरियाणा के मौजूदा डायरेक्टर ऑफ़ प्रॉसिक्यूशन (जनरल) की नियुक्ति में हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की सहमति अनिवार्य
 

हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल को लिखकर मामला चीफ जस्टिस  के संज्ञान में लाने हेतु की अपील

चंडीगढ़,

हरियाणा के मौजूदा  डायरेक्टर ऑफ़ प्रॉसिक्यूशन (जनरल) अर्थात निदेशक, अभियोजन (सामान्य) धर्मेन्द्र चौधरी की  इस पद पर  एक  वर्ष पूर्व हुई नियुक्ति को लेकर एक महत्वपूर्ण कानूनी और प्रशासनिक सवाल  आज भी ज्यों का त्यों खड़ा  है।

 प्रदेश सरकार द्वारा गत वर्ष  1 नवंबर 2025 को हरियाणा के अभियोजन निदेशालय  में तत्कालीन अतिरिक्त निदेशक (एडिशनल डायरेक्टर)  के पद पर तैनात   धर्मेंद्र चौधरी को निदेशक, अभियोजन (सामान्य) के पद पर पदोन्नत किए जाने के एक वर्ष बाद भी इस नियुक्ति में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (चीफ जस्टिस) की अनिवार्य सहमति से जुड़े मुद्दे पर गतिरोध बरकरार है.

इस विषय पर  पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के एडवोकेट और कानूनी-प्रशासनिक मामलों के जानकार  हेमंत कुमार, जो गत वर्ष से इस मुद्दे को  निरंतर उठाते रहे हैं,  ने आज 3 नवम्बर  को एक बार पुन: हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल चंद्रशेखर को लिखकर अपील की है कि मामले को प्रशासनिक स्तर पर विचारार्थ माननीय मुख्य न्यायाधीश के संज्ञान में लाया  जाए।

2013 के सेवा नियमों में मुख्य न्यायाधीश की सहमति का स्पष्ट प्रावधान

हेमंत के अनुसार, हरियाणा स्टेट प्रॉसिक्यूशन डिपार्टमेंट लीगल सर्विस (ग्रुप-ए) सर्विस रूल्स, 2013 के नियम 9(1)(a) में निदेशक अभियोजन (सामान्य) के पद पर नियुक्ति के लिए अतिरिक्त निदेशकों में से मेरिट-कम-सीनियरिटी के आधार पर पदोन्नति तथा पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की सहमति का स्पष्ट प्रावधान किया गया है।

नियम के अनुसार, यह नियुक्ति तीन वर्ष अथवा सेवानिवृत्ति की आयु प्राप्त करने तक, जो भी पहले हो, संतोषजनक कार्य एवं आचरण की शर्त के अधीन की जाती है।

उन्होंने सवाल उठाया है कि जब 1 नवंबर 2025 को धर्मेंद्र चौधरी की पदोन्नति का आदेश जारी किया गया, तो उसमें हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की सहमति प्राप्त किए जाने का कोई उल्लेख क्यों नहीं किया गया?

RTI में हाईकोर्ट ने बताया—रिकॉर्ड पर उपलब्ध नहीं थी जानकारी

इस प्रकरण का घटनाक्रम भी अपने आप में महत्वपूर्ण है। हेमंत ने गत वर्ष 2 नवंबर 2025 को हाईकोर्ट में ऑनलाइन आरटीआई आवेदन दाखिल कर नियुक्ति में मुख्य न्यायाधीश की सहमति से संबंधित जानकारी मांगी थी।

17 नवंबर 2025 को संयुक्त रजिस्ट्रार (रूल्स) एवं जन सूचना अधिकारी नवीन कुमार शर्मा द्वारा जारी जवाब में बताया गया कि मांगी गई जानकारी हाईकोर्ट के रिकॉर्ड पर उपलब्ध नहीं है।

इसके अगले ही दिन, 18 नवंबर 2025 को हेमंत  ने रजिस्ट्रार जनरल को ज्ञापन भेजकर इस मामले को मुख्य न्यायाधीश के संज्ञान में लाने का अनुरोध किया।

इसके बाद 17 दिसंबर 2025 को दाखिल दूसरी आरटीआई के जवाब में 17 जनवरी 2026 को बताया गया कि उनके द्वारा मामले में 18 नवम्बर भेजी गयी  ईमेल विचाराधीन है।

27 जनवरी 2026 को उन्होंने पुनः ज्ञापन भेजा। इसके बाद 5 मार्च 2026 को दाखिल तीसरी आरटीआई के जवाब में 7 अप्रैल 2026 को सूचना दी गई कि 18 नवंबर 2025 और 27 जनवरी 2026 के उनके ईमेल क्रमशः 21 जनवरी 2026 और 17 मार्च 2026 के आदेशों के माध्यम से रजिस्ट्रार (रूल्स) द्वारा रिकॉर्ड पर रखे गए हैं।

पूर्व निदेशक की नियुक्ति में भी ली गई थी मुख्य न्यायाधीश की सहमति

हेमंत ने अपने ज्ञापन में एक महत्वपूर्ण तथ्य की ओर भी ध्यान आकर्षित किया है। उनके अनुसार, धर्मेंद्र चौधरी के पूर्ववर्ती निदेशक अभियोजन (सामान्य) संजय हुड्डा की 1 जून 2022 को हुई नियुक्ति में तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश की सहमति प्राप्त की गई थी।

उनका कहना है कि जब वर्ष 2022 में इसी पद पर नियुक्ति के समय मुख्य न्यायाधीश की सहमति की प्रक्रिया अपनाई गई थी, तो नवंबर 2025 की नियुक्ति में इस वैधानिक प्रक्रिया के अनुपालन की स्थिति स्पष्ट किया जाना आवश्यक है।

BNSS लागू होने के बाद 2013 के नियमों की वैधानिकता पर भी सवाल

इस पूरे प्रकरण का एक दूसरा महत्वपूर्ण कानूनी पहलू भी है। देश में 1 जुलाई 2024 से दंड प्रक्रिया संहिता (सी.आर.पी.सी.), 1973 के स्थान पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 लागू हो चुकी है।

BNSS की धारा 20(2)(a) के अनुसार, निदेशक अभियोजन अथवा उपनिदेशक अभियोजन के पद पर नियुक्ति के लिए कम से कम 15 वर्ष तक एडवोकेट  के रूप में प्रैक्टिस करने वाला व्यक्ति अथवा वर्तमान या पूर्व सत्र न्यायाधीश (सेशंस जज) पात्र हो सकता है।

दूसरी ओर, हरियाणा के वर्ष 2013 के सेवा नियमों का नियम 9(1)(a) निदेशक अभियोजन (सामान्य) के पद को अतिरिक्त निदेशकों में से पदोन्नति द्वारा भरने तथा मुख्य न्यायाधीश की सहमति प्राप्त करने का प्रावधान करता है।

हेमंत ने इसी संदर्भ में केंद्रीय कानून और राज्य के सेवा नियमों के बीच संभावित असंगति का प्रश्न उठाया है। उनका तर्क है कि यदि राज्य के अधीन बनाए गए सेवा नियम किसी प्रभावी केंद्रीय अधिनियम के प्रावधानों से असंगत हैं, तो अधिनियम के प्रावधानों को प्राथमिकता मिलेगी।

मुख्य न्यायाधीश की सहमति का मुद्दा अब भी महत्वपूर्ण

एडवोकेट  हेमंत का कहना है कि हरियाणा सरकार ने BNSS, 2023 के  लागू होने के बाद भी संबंधित 2013 के सेवा नियमों में आवश्यक संशोधन नहीं किया है। ऐसे में जब तक नियम 9(1)(a) प्रभावी है और सक्षम विधिक प्रक्रिया के तहत उसमें संशोधन अथवा अन्यथा स्थिति स्पष्ट नहीं की जाती, तब तक उसमें उल्लिखित मुख्य न्यायाधीश की सहमति के प्रावधान की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।

उन्होंने रजिस्ट्रार जनरल से लिखित अपील की  है कि एक वर्ष से अधिक समय से विचाराधीन इस मामले में आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाए तथा नियुक्ति के समय मुख्य न्यायाधीश की सहमति प्राप्त किए जाने अथवा नहीं किए जाने की स्थिति स्पष्ट कराई जाए।

अब देखना यह होगा कि हाईकोर्ट के प्रशासनिक पक्ष पर इस महत्वपूर्ण कानूनी प्रश्न का क्या समाधान निकलता है और हरियाणा सरकार इस मामले में अपनी स्थिति कब स्पष्ट करती है।