{"vars":{"id": "91925:5179"}}

जनसंवाद एवं सीएम विंडो पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता से करें निपटारा : भोपाल सिंह खदरी

जनसंवाद एवं सीएम विंडो पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता से करें निपटारा : भोपाल सिंह खदरी
 

मुख्यमंत्री स्वयं कर रहे हैं शिकायतों की मॉनिटरिंग, अधिकारी लापरवाही न बरतें : विशेष अधिकारी

सभी संबंधित विभाग शिकायतों के निपटारे की एटीआर पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें

चंडीगढ़,

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री के विशेष अधिकारी श्री भोपाल सिंह खदरी ने शुक्रवार को उद्योग, एचएसआईआईडीसी, सहकारिता, हैफेड, हरको बैंक तथा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग सहित विभिन्न विभागों की सीएम विंडो एवं जनसंवाद पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें।

श्री खदरी ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं सीएम विंडो एवं जनसंवाद पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग कर रहे हैं। सरकार का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समाधान कर उन्हें सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय पर उपलब्ध करवाना है। इसी उद्देश्य से सीएम विंडो और जनसंवाद जैसे प्रभावी माध्यम स्थापित किए गए हैं।उन्होंने कहा कि पहले चरण की बैठकों में विभिन्न विभागों की लंबे समय से लंबित शिकायतों के निपटारे पर विशेष ध्यान दिया गया था, जबकि दूसरे चरण की बैठकों में नई प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की जाएगी। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में भी सीएम विंडो एवं जनसंवाद से संबंधित मामलों की समीक्षा की जाएगी। उद्योग विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए श्री खदरी ने ऋण एवं सब्सिडी से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निपटारे के बाद उनकी एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) भी संबंधित पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए, ताकि ऑनलाइन रिकॉर्ड में कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट रूप से दर्ज हो सके।

सहकारिता विभाग से संबंधित मामलों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों (पैक्स) में मुख्यालय की पूर्व अनुमति के बिना किसी भी कर्मचारी की नियुक्ति नहीं की जा सकेगी। इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। वहीं, गबन के एक मामले में संबंधित मैनेजर को निलंबित कर दिया गया है तथा गबन की राशि की वसूली के आदेश भी जारी किए गए हैं।

वीटा बूथ आवंटन से संबंधित मामलों में अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रदेश में 2,000 वीटा बूथ खोले जाएंगे। इसके अलावा जिला स्तर के अस्पतालों में अमृत फार्मेसी के साथ वीटा बूथ भी स्थापित किए गए हैं। ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों से जुड़े मामलों में भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। श्री खदरी ने एमएसएमई से संबंधित आवेदनों का भी शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान उद्योग विभाग की सीएम विंडो से संबंधित 49 तथा जनसंवाद पोर्टल से संबंधित 53 शिकायतों की सुनवाई की गई। इसी प्रकार, सहकारिता विभाग की सीएम विंडो की 51 तथा जनसंवाद की 41 शिकायतों की समीक्षा की गई, जिनमें से 27 शिकायतों का निपटारा किया जा चुका है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों की एटीआर ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग से संबंधित कुल 14 शिकायतों में से 7 का निपटारा किया जा चुका है।