{"vars":{"id": "91925:5179"}}

GST अधिकारी अंचला गिरी सस्पेंड, 1.5 लाख रिश्वत लेते पकड़ी गई थी

छत्तीसगढ़ के कांकेर में डेढ़ लाख रुपये रिश्वत लेते पकड़ी गई GST अधिकारी अंचला गिरी को राज्य सरकार ने सस्पेंड कर दिया। मामले में इमरान मेमन की भूमिका भी सामने आई है।
 

छत्तीसगढ़ के कांकेर में रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ी गई GST अधिकारी अंचला गिरी पर सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। राज्य सरकार ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। ACB की टीम ने शनिवार को स्क्रैप कारोबारी से गाड़ी छोड़ने के बदले डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए GST अधिकारी को पकड़ा था। गिरफ्तारी के दौरान रिश्वत की रकम को नाली में फेंकने की कोशिश भी की गई थी।

रिश्वत लेते पकड़े जाने के बाद GST अधिकारी सस्पेंड

राज्य कर आयुक्त कार्यालय की ओर से अंचला गिरी के निलंबन का आदेश जारी किया गया है। आदेश में कहा गया है कि सरकारी सेवक द्वारा अपने पद के दायित्वों के निर्वहन के दौरान रिश्वत मांगना या स्वीकार करना गंभीर कदाचार है। इसी आधार पर राज्य कर सहायक आयुक्त अंचला गिरी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया गया है।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जगदलपुर संभाग निर्धारित किया गया है। इस दौरान नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। निलंबन का आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।

गिरफ्तारी के डर से नाली में फेंक दिए थे रिश्वत के नोट

ACB की कार्रवाई के दौरान GST अधिकारी अंचला गिरी और उनके एक साथी ने पकड़े जाने के डर से रिश्वत के नोटों का बंडल घर के सामने बनी नाली में फेंक दिया था। टीम ने कार्रवाई के दौरान मामले से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच की।

इमरान मेमन के जरिए ली गई थी रिश्वत

ACB की जांच में इमरान मेमन की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि रिश्वत की रकम इमरान मेमन के माध्यम से GST अधिकारी अंचला गिरी तक पहुंचाई गई थी। इमरान कांकेर का रहने वाला है।

ACB के अधिकारी रमेश कुमार मरकाम के मुताबिक, रिश्वत की रकम मध्यस्थ इमरान मेमन लेकर आया था और उसने यह रकम GST अधिकारी को दी थी। इमरान मेमन के खिलाफ भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

गाड़ी छोड़ने के बदले मांगे थे 2 लाख रुपये

शिकायतकर्ता कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज ने ACB में शिकायत दी थी कि बिल होने के बावजूद उनकी गाड़ी को रोक लिया गया और उस पर 10 लाख रुपये की पेनाल्टी लगा दी गई। इसके बाद गाड़ी छोड़ने और मामला सेटल करने के नाम पर 2 लाख रुपये रिश्वत मांगी गई।

बाद में रिश्वत की रकम 1.50 लाख रुपये तय हुई। कारोबारी की शिकायत पर ACB ने कार्रवाई करते हुए GST अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया।

##