दिल्ली- नोएडा के बीच बनेगा 6 लेन का एलिवेटेड रोड, 5 मिनट में पूरा होगा 45 मिनट का सफर!
देश की राजधानी दिल्ली और नोएडा के बीच सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए अच्छी खबर है। अब दिल्ली के मयूर विहार से चिल्ला बॉर्डर नोएडा का सफर सिर्फ 5 से 7 मिनट में पूरा होगा। दिल्ली -नोएडा के बीच एक नया एलीवेटेड रोड बनाने की तैयारियां तेज हो गई है। इससे वाहनों चालकों को बड़ा फायदा मिलेगा और सफर बेहद आसान हो जाएगा।
दिल्ली और नोएडा के बीच यातायात को सुगम बनाने के लिए 6-लेन का चिल्ला एलीवेटेड रोड बनाया जा रहा है। इस रोड का 50 फीसदी से ज्यादा काम पूरा भी हो गया है। यह अगले साल यानी 2027 तक बनकर तैयार हो जाएगा।
5.5 KM लंबा एलिवेटेड रोड कहां से कहां तक बनेगा ?
चिल्ला एलिवेटेड रोड की कुल लंबाई करीब 5.5 किलोमीटर होगी। ये एलिवेटेड रोड दिल्ली-नोएडा के बॉर्डर यानी चिल्ला रेगुलेटर से शुरू होगा। इसके बाद यह फिल्म सिटी के पीछे होते हुए महामाया फ्लाईओवर तक जाएगा। लगभग ₹890 करोड़ से अधिक की लागत से यह प्रोजेक्ट तैयार हो रहा है।
सिग्नल फ्री होगा कॉरिडोर
खास बात यह है कि यह पूरा कॉरिडोर सिग्नल फ्री होगा। फिलहाल दिल्ली-नोएडा के बीच मौजूदा रास्ते से पीक ऑवर्स के दौरान 30 से 45 मिनट में सफर पूरा होता है। लेकिन इस नए रोड के बनने के बाद महज 5 से 7 मिनट यह दूरी तय होगी।
कई बड़े एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा कॉरिडोर
इस एलिवेटेड रोड का फायदा सिर्फ मयूर विहार और नोएडा के बीच आने-जाने वालों को नहीं मिलेगा। बल्कि इसके जरिए NCR के दूसरे प्रमुख रास्तों तक पहुंचना भी आसान हो जाएगा। इस एलिवेटेड रोड की कनेक्टिविटी डीएनडी फ्लाईवे से भी होगी। इससे नोएडा से दिल्ली के आश्रम, AIIMS जैसे इलाकों में पहुंचना आसान हो जाएगा।
वहीं महामाया फ्लाईओवर के पास यह एलिवेटेड रोड नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा। इससे नोएडा के सेक्टर 96, 127, 129, 146 से लेकर नॉलेज पार्क और परिचौक तक का सफर आसान होगा। इसके अलावा नोएडा-ग्रेटर नोएडा से ही यमुना एक्सप्रेसवे की शुरुआत होती है। ऐसे में यह कॉरिडोर यमुना एक्सप्रेसवे तक की कनेक्टिविटी देगा। इससे मयूर विहार-अक्षरधाम से आने वाले लोग बिना किसी ट्रैफिक में फंसे सीधे यमुना एक्सप्रेसवे से मथुरा-आगरा तक जा पाएंगे।