दूहन चौक से अग्रसेन चौक तक सड़क निर्माण जल्द पूरा करें अधिकारी : डीसी
डीसी वर्षा खांगवाल ने किया सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण, पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
दिल्ली रोड स्थित रामलीला मैदान में कार्यक्रमों के चलते इस मार्ग पर रहती है वाहनों की अधिक आवाजाही
डीसी वर्षा खांगवाल ने शुक्रवार शाम शहर के कुलदीप चौक के साथ लगती सड़कों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान उनके साथ नगर परिषद झज्जर के चेयरमैन जिले सिंह सैनी भी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि इन दिनों झज्जर शहर में विभिन्न सड़कों के पुनर्निर्माण का कार्य चल रहा है। इसी कड़ी में डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर सड़क निर्माण कार्य की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को दूहन चौक से अग्रसेन चौक तक सड़क निर्माण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
डीसी ने कहा कि दिल्ली रोड स्थित रामलीला मैदान में अक्सर धार्मिक एवं अन्य सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होते रहते हैं। इसके चलते इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। ऐसे में सड़क का सुचारू और बेहतर होना बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किया जाए और कार्य को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। संबंधित अधिकारी आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करवाना सुनिश्चित करें, ताकि शहरवासियों और यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को राहत मिल सके।
यह अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर एसडीएम झज्जर रवि मीणा, तहसीलदार शेखर नरवाल, पीडब्ल्यूडी के अधीक्षक अभियंता जगवीर सिंह, एक्सईएन सुमित कुमार, व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष केशव सिंघल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।