Cyclone Akvan: ओडिशा में चक्रवात का खतरा बढ़ा, 20 जिलों में हाई अलर्ट; 3 लाख लोग सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट, कई ट्रेनें रद्द
दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात ‘अकवान’ शुक्रवार दोपहर ओडिशा तट से टकराने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, यह पुरी और गोपालपुर के बीच दोपहर या दोपहर बाद लैंडफॉल करेगा। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है, जो झोंकों के साथ 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
राज्य सरकार ने गुरुवार शाम तक करीब 2.98 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है। प्रशासन ने 2,523 राहत शिविर और 9,341 चक्रवात आश्रय स्थल तैयार किए हैं। बचाव कार्यों के लिए ओड्राफ, एनडीआरएफ और फायर सर्विस की कुल 423 टीमें तैनात की गई हैं।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मध्यरात्रि में विशेष राहत आयुक्त कार्यालय में आपात समीक्षा बैठक की। उन्होंने बताया कि आईएमडी (IMD) की ताजा जानकारी के आधार पर 20 जिलों में तैयारियां तेज कर दी गई हैं और 2,623 आश्रय स्थल पहले ही सक्रिय किए जा चुके हैं।
चक्रवात के असर को देखते हुए पूर्व तट रेलवे ने 41 ट्रेनें रद्द की हैं और कई ट्रेनों के समय में बदलाव किया है, जबकि साउथ ईस्टर्न रेलवे ने 28 एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द की हैं। पुरी, गोपालपुर और चिल्का जैसे पर्यटन स्थलों को बंद कर दिया गया है तथा कई जिलों में स्कूल बंद हैं। जगन्नाथ मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खुला रहेगा, जबकि गुंडीचा मंदिर 19 से 21 नवंबर तक बंद रहेगा।
इसके अलावा, आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में भी रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मछुआरों को 21 नवंबर सुबह तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का असर बढ़ रहा है
दिल्ली में आज सुबह घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई जा रही है। अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री और न्यूनतम 12-13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दोपहर बाद धूप निकल सकती है। वहीं पंजाब के कई इलाकों में सुबह घना कोहरा। दिन में धूप खिलने के आसार। ठंड बढ़ रही है।
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और मध्य हिस्सों में सुबह कोहरा या धुंध छा सकता है। कुछ जिलों में मौसम बदलने या हल्की बारिश की संभावना। ठंड का असर बढ़ेगा। बिहार के कई जिलों में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। दोपहर में हल्की बारिश या बौछारों की संभावना है। तापमान सामान्य के आसपास रहेगा। जम्मू में ठंड बढ़ रही है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बदली का असर दिख सकता है।