{"vars":{"id": "91925:5179"}}

Delhi Air Pollution Rules 2026: दिल्ली में 1 नवंबर से लागू होंगे 6 नए नियम, ‘नो PUC-नो फ्यूल’ से लेकर वर्क फ्रॉम होम तक होंगे बड़े बदलाव

सर्दियों की शुरुआत के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों (Delhi-NCR) में वायु प्रदूषण (Air Pollution) गंभीर रूप ले चुका है। राजधानी के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) लगातार खराब श्रेणी में दर्ज किया जा रहा है।
 

नई दिल्ली: सर्दियों की शुरुआत के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों (Delhi-NCR) में वायु प्रदूषण (Air Pollution) गंभीर रूप ले चुका है। राजधानी के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) लगातार खराब श्रेणी में दर्ज किया जा रहा है। बिगड़ती हवा की गुणवत्ता को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली सरकार और प्रशासन 1 नवंबर से कई कड़े नियम और पाबंदियां लागू करने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आम नागरिकों की दिनचर्या और आवाजाही पर पड़ेगा।

प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए पेट्रोल-डीजल के वाहनों पर सख्ती, पराली निगरानी के लिए विशेष टीमों की तैनाती और दफ्तरों में वर्क फ्रॉम होम (Work From Home) जैसे बड़े कदम उठाए जा रहे हैं।

1 नवंबर से लागू होने वाले 6 प्रमुख बदलाव

'नो PUC, नो फ्यूल' नियम लागू:

1 नवंबर से दिल्ली के सभी पेट्रोल पंपों, सीएनजी (CNG) और एलपीजी (LPG) स्टेशनों पर 'नो पीयूसी, नो फ्यूल' नियम सख्ती से लागू होगा। जिन वाहनों के पास वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (PUC Certificate) नहीं होगा, उन्हें ईंधन नहीं दिया जाएगा।

बाहरी (नॉन-BS-VI) वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध:

दिल्ली में 1 नवंबर से 31 जनवरी तक राजधानी के बाहर रजिस्टर्ड नॉन-BS-VI (विशेषकर कमर्शियल) वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। हालांकि, BS-VI मानक वाले वाहनों, CNG और इलेक्ट्रिक (EV) कमर्शियल वाहनों को छूट दी जा सकती है।

दोगुना होगा पार्किंग शुल्क:

सड़कों पर निजी गाड़ियों (कार और बाइक) की संख्या कम करने और लोगों को सार्वजनिक परिवहन (जैसे दिल्ली मेट्रो और बस) का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पार्किंग फीस को दोगुना कर दिया जाएगा।

50 प्रतिशत वर्क फ्रॉम होम (WFH):

प्रदूषण के स्तर को देखते हुए 1 नवंबर से 28 फरवरी तक सरकारी और निजी (Private) दफ्तरों में 50 प्रतिशत कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम अनिवार्य रहेगा। इस दौरान केवल आवश्यक और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े विभागों को ही शत-प्रतिशत उपस्थिति की छूट मिलेगी।

निर्माण और तोड़फोड़ गतिविधियों पर सख्त निगरानी:

1 नवंबर से राजधानी में निर्माण कार्यों (Construction Works) पर पैनी नज़र रखी जाएगी और धूल पैदा करने वाले कामों पर रोक रहेगी। दिसंबर और जनवरी के दौरान निर्माण गतिविधियों पर पूरी तरह प्रतिबंध लागू रहेगा, जिसमें केवल अति-आवश्यक पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को ही छूट मिलेगी।

एंटी-स्मॉग गन और मिस्ट सिस्टम अनिवार्य:

धूल और कणों (PM2.5 / PM10) को बैठने के लिए 3000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्रफल वाले कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, मॉल, होटल और G+5 या उससे ऊंची इमारतों में एंटी-स्मॉग गन (Anti-Smog Gun) या मिस्ट सिस्टम लगाना अनिवार्य कर दिया गया है।