{"vars":{"id": "91925:5179"}}

Delhi Metro Expansion: NCR में मेट्रो का मेगा विस्तार! 8 नए रूट से बदलेगी कनेक्टिविटी, यशोभूमि से गुरुग्राम तक दौड़ेगी मेट्रो

दिल्ली-NCR में रहने वाले लाखों लोगों के लिए आने वाले दिनों में मेट्रो का सफर और भी आसान हो सकता है। राजधानी के बाहरी इलाकों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत दिल्ली मेट्रो के फेज-V(B) विस्तार में 8 नए कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
 

Delhi Metro Expansion: दिल्ली-NCR में रहने वाले लाखों लोगों के लिए आने वाले दिनों में मेट्रो का सफर और भी आसान हो सकता है। राजधानी के बाहरी इलाकों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत दिल्ली मेट्रो के फेज-V(B) विस्तार में 8 नए कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इनमें सबसे प्रमुख यशोभूमि (द्वारका सेक्टर-25) से गुरुग्राम के राजीव चौक तक प्रस्तावित मेट्रो रूट है, जिसके बनने से दिल्ली और गुरुग्राम के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

एक RTI के जवाब के मुताबिक, फेज-V(B) के कुल 8 प्रस्तावित कॉरिडोर में से 7 कॉरिडोर को दिल्ली सरकार की मंजूरी मिल चुकी है और अब केंद्र सरकार की स्वीकृति का इंतजार है। वहीं, यशोभूमि से गुरुग्राम के राजीव चौक वाले कॉरिडोर को मंजूरी के लिए सरकार के पास भेजा गया है। इन सभी प्रस्तावित रूटों पर कुल 65 मेट्रो स्टेशन बनाए जाने की योजना है।

प्रस्तावित 8 कॉरिडोर इस प्रकार हैं:

धौसा बस स्टैंड (नजफगढ़) - नांगलोई

सेंट्रल सेक्रेटेरिएट - किशनगढ़

समयपुर बादली - नरेला डीडीए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

कीर्ति नगर - पालम

जोर बाग - मिथापुर

मयूर विहार फेज-3 - शास्त्री पार्क

केशव पुरम - रोहिणी सेक्टर-34

यशोभूमि द्वारका सेक्टर-25 - राजीव चौक (गुरुग्राम)

इन इलाकों को मिलेगा मेट्रो का फायदा

प्रस्तावित कॉरिडोर से दिल्ली के कई ऐसे इलाके मेट्रो नेटवर्क से जुड़ेंगे, जहां अभी कनेक्टिविटी सीमित है।

नजफगढ़ - नांगलोई: 11.9 किलोमीटर लंबे रूट पर 9 स्टेशन बनाए जाएंगे। इससे नरेश पार्क एक्सटेंशन, रन्होला, बक्करवाला, बापरोला और नजफगढ़ एक्सटेंशन के लोगों को फायदा होगा।

सेंट्रल सेक्रेटेरिएट - किशनगढ़: 15.9 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर 10 स्टेशन होंगे। यह जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी और प्रधानमंत्री संग्रहालय जैसे प्रमुख स्थानों को जोड़ेगा।

समयपुर बादली - नरेला: 12.9 किलोमीटर का यह रूट येलो लाइन का विस्तार होगा। इस पर 8 एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे।

कीर्ति नगर - पालम: 9.9 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर 6 स्टेशन होंगे। इससे ग्रीन लाइन का विस्तार होगा।

जोर बाग - मिथापुर: करीब 17 किलोमीटर लंबे रूट पर 12 स्टेशन प्रस्तावित हैं।

मयूर विहार - शास्त्री पार्क: 13.2 किलोमीटर के इस कॉरिडोर पर 8 स्टेशन बनाए जाएंगे।

केशव पुरम - रोहिणी सेक्टर-34: 16.3 किलोमीटर लंबे रूट पर 12 एलिवेटेड स्टेशन होंगे।

फेज-IV और फेज-V(A) का काम भी जारी

दिल्ली मेट्रो के अन्य विस्तार प्रोजेक्ट्स पर भी तेजी से काम चल रहा है। फेज-IV के तहत आरके आश्रम मार्ग-जनकपुरी वेस्ट और एयरोसिटी-तुगलकाबाद कॉरिडोर का निर्माण कार्य जारी है, जिन्हें दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, लाजपत नगर-साकेत जी ब्लॉक और इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर को दिसंबर 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके अलावा, फेज-V(A) के अंतर्गत भी कई रूटों पर निर्माण कार्य और टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से आने वाले वर्षों में दिल्ली-NCR का मेट्रो नेटवर्क और अधिक विस्तृत हो जाएगा।