{"vars":{"id": "91925:5179"}}

Delhi-Panipat-Karnal Namo Bharat Train: 2031 तक शुरू होगी नमो भारत सेवा, चेन्नई में चालक रहित मेट्रो; हुडको ने सौंपा ₹908 करोड़ का रिकॉर्ड चेक

देश के प्रमुख शहरों को स्वच्छ, सुरक्षित और अत्याधुनिक बनाने की दिशा में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने कई बड़े कदमों की घोषणा की है। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल द्वारा जारी मंत्रालय की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर, चेन्नई, रायपुर और पटना सहित कई प्रमुख शहरी क्षेत्रों में परिवहन, वेस्ट मैनेजमेंट और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़ी परियोजनाओं पर काम तेजी से चल रहा है।
 

नई दिल्ली: देश के प्रमुख शहरों को स्वच्छ, सुरक्षित और अत्याधुनिक बनाने की दिशा में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने कई बड़े कदमों की घोषणा की है। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल द्वारा जारी मंत्रालय की साप्‍ताहिक प्रगति रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर, चेन्नई, रायपुर और पटना सहित कई प्रमुख शहरी क्षेत्रों में परिवहन, वेस्ट मैनेजमेंट और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़ी परियोजनाओं पर काम तेजी से चल रहा है।

इसी दौरान आवास एवं नगर विकास निगम (HUDCO) ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए अपने अब तक के सबसे अधिक 908.36 करोड़ रुपये के लाभांश (Dividend) की घोषणा की। हुडको के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल को इसका औपचारिक चेक सौंपा।

दिल्ली-पानीपत-करनाल नमो भारत ट्रेन: 90 मिनट में पूरा होगा सफर

मंत्रालय की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक दिल्ली-पानीपत-करनाल नमो भारत (RRTS) रेल कॉरिडोर का काम तेज कर दिया गया है:

लंबाई व समयसीमा: 136.30 किलोमीटर लंबे इस पूरे कॉरिडोर को वर्ष 2031 तक पूरी तरह संचालित करने का लक्ष्य रखा गया है।

समय की बचत: ट्रेन सेवा शुरू होने के बाद दिल्ली से करनाल तक का सफर मात्र 90 मिनट (डेढ़ घंटे) में पूरा हो सकेगा।

दैनिक फेरे: इस मार्ग पर यात्रियों की सुविधा के लिए प्रतिदिन 242 फेरे (Trips) लगाने की योजना बनाई गई है, जिससे दिल्ली, सोनीपत, पानीपत और करनाल के बीच रोजाना आवागमन करने वाले लाखों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

चेन्नई में चालक रहित (Driverless) मेट्रो का उद्घाटन

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने बताया कि चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के तहत पूनामल्ली से वडापलानी तक 15 किलोमीटर लंबे मार्ग का सफल उद्घाटन किया जा चुका है।

इस कॉरिडोर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इस पर बिना ड्राइवर के चलने वाली (Driverless) मेट्रो रेलगाड़ियां दौड़ेंगी।

इसमें 3.7 किलोमीटर लंबा एक अत्याधुनिक 'दोहरी सतह वाला ढांचा' (Double-decker Structure) भी शामिल है।

प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छ भारत के तहत बड़े कदम

छत्तीसगढ़ में 240 ई-बसें: रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग-भिलाई और कोरबा में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने और प्रदूषण घटाने के लिए 240 इलेक्ट्रिक बसें (Electric Buses) चलाने के समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

दिल्ली में धूल पर नकेल: दिल्ली नगर निगम ने सड़कों पर धूल से होने वाले वायु प्रदूषण को रोकने के लिए वाटर स्प्रिंकलर और स्मॉग गन से लैस 12 विशेष एंटी-स्मॉग वाहन उतारे हैं। इसके अलावा नई दिल्ली स्थित संकल्प भवन परिसर में रसोई के गीले कचरे से खाद बनाने का आधुनिक प्लांट शुरू किया गया है।

पटना में महिला सशक्तिकरण: बिहार की राजधानी पटना में महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए वेस्ट सेग्रिगेशन (कचरा छंटाई) केंद्र और महिलाओं के लिए विशेष पिंक शौचालयों की पहल की गई है।