Dhanbad की Debarupa ने पूरा किया बचपन का सपना, बनीं Commercial Pilot; अब उड़ाएंगी विमान!
चासनाला। मजबूत इच्छाशक्ति और कड़ी मेहनत के दम पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। धनबाद के चासनाला की बेटी देबरूपा मुखर्जी ने इसे सच कर दिखाया है।
बचपन से आसमान में उड़ान भरने का सपना संजोने वाली देबरूपा अब कमर्शियल पायलट बन गई हैं। उनकी इस कामयाबी से चासनाला समेत पूरे धनबाद जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
धनबाद में जन्मी देबरूपा ने अपने जीवन के शुरुआती करीब 20 साल चासनाला में बिताए। उन्होंने सातवीं कक्षा तक की पढ़ाई कार्मेल स्कूल, डिगवाडीह से पूरी की।
इसके बाद चासनाला अकादमी से विज्ञान विषय के साथ दसवीं और बारहवीं की परीक्षा पास की। स्कूल के समय से ही उनके मन में एविएशन सेक्टर में करियर बनाने की गहरी चाह थी। चुनौती पूर्ण रहा सफर देबरूपा ने बताया कि कमर्शियल पायलट बनने का यह सफर काफी चुनौतीपूर्ण और रोमांचक रहा। इस लक्ष्य को पाने के लिए उन्होंने लगभग दो वर्षों तक कड़ा अनुशासन और कठिन परिश्रम किया।
उन्होंने पहले गर्ग एविएशन, कानपुर और उसके बाद फ्लाईटेक एविएशन अकादमी, हैदराबाद से अपना प्रशिक्षण प्राप्त किया। हैदराबाद से कमर्शियल पायलट लाइसेंस का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर उन्होंने अपने बचपन के सपने को पंख दिए।
वर्तमान में देबरूपा का परिवार धनबाद के बरटांड़ स्थित भुवनेश्वरी रेसिडेंसी में निवास करता है। उनके पिता राणा मुखर्जी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के सेवानिवृत्त कर्मी हैं। मां और बहन ने बढ़ाया मनोबल
देबरूपा अपनी सफलता का श्रेय माता सरबानी मुखर्जी, बड़ी बहन देबास्मिता मुखर्जी और अपने दोस्तों को देती हैं, जिन्होंने हर कठिन मोड़ पर उनका मनोबल बढ़ाया।
चासनाला की गलियों से निकलकर आसमान की ऊंचाइयों को छूने वाली देबरूपा की यह सफलता कोयलांचल की अन्य बेटियों के लिए भी एक बड़ी प्रेरणा है।