{"vars":{"id": "91925:5179"}}

खुशखबरी: दिल्ली- वैष्णो देवी के बीच चलेगी फेस्टिवल स्पेशल सुपरफास्ट ट्रेन, यहां देखें समय-सारणी

खुशखबरी: दिल्ली- वैष्णो देवी के बीच चलेगी फेस्टिवल स्पेशल सुपरफास्ट ट्रेन, यहां देखें समय-सारणी
 

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र सहित हरियाणा से श्री माता वैष्णो देवी यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। त्यौहारी सीजन और नवरात्र पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़-भाड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने नई दिल्ली- श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच आरक्षित स्पेशल ट्रेन के संचालन का फैसला लिया है।

श्री माता वैष्णो देवी स्पेशल ट्रेन का शेड्यूल

ट्रेन नंबर 04083, नई दिल्ली- कटरा त्यौहार स्पेशल ट्रेन 9 अक्टूबर और 16 अक्टूबर को नई दिल्ली से दोपहर 2 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 3 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा पहुंचेगी। इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 04084, कटरा- नई दिल्ली 10 अक्टूबर और 17 अक्टूबर को कटरा से सुबह 10 बजे रवाना होकर रात साढ़े 11 बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर आगमन करेगी।

बीच रास्ते यह ट्रेन हरियाणा और पंजाब के बीच दोनों दिशाओं में सोनीपत, पानीपत, कुरूक्षेत्र, अंबाला कैंट, धंडारी कलां, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, शहीद कैप्टन सुनील कुमार चौधरी कठुआ, जम्मूतवी और शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस ट्रेन में एसी और स्लीपर कोच की सुविधा मिलेगी।

श्रद्धालुओं को मिलेगा फायदा

उत्तर रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि त्यौंहार स्पेशल इस ट्रेन के संचालन से नवरात्रों के दौरान कटरा जाने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा का लाभ मिलेगा। उन्हें नियमित ट्रेनों से दूर सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि यात्रियों को ट्रेन के लाइव स्टेटस और समय-सारणी की जानकारी NTES ऐप या रेलवे हेल्पलाइन 139 से मिल सकेगी।