{"vars":{"id": "91925:5179"}}

प्याज के इन किस्मों की खेती से होगी बंपर पैदावार, किसान बन जाएंगे मालामाल!

प्याज के इन किस्मों की खेती से होगी बंपर पैदावार, किसान बन जाएंगे मालामाल!
 

अक्टूबर के महीने में किसान प्याज की खेती की तैयारी शुरू कर देते हैं प्याज की खेती कम समय में तैयार हो जाती है और इससे अच्छी आमदनी भी मिलती है। अगर आप भी प्याज की खेती से अच्छी कमाई करना चाहते हैं तो आज हम आपको प्याज की दो ऐसी किस्मों के बारें में बताएंगे। जिनसे सिर्फ 110 दिनों में बंपर पैदावार मिलेगी और आप अच्छा मुनाफा कमा सकते है।

दरअसल बिहार सरकार के उद्यान निदेशालय और कृषि विभाग ने किसानों को प्याज की दो उन्नत किस्मों भीमा शक्ति और NHRDF-4 की खेती करने की सलाह दी है। इन किस्मों की खासियत क्या है और इससे कैसे उगाया जाता है। इसकी पूरी जानकारी यहां दी गई है।

NHRDF-4 किस्म की खासियत

कृषि विज्ञानिकों के अनुसार प्याज की एनएचआरडीएफ रेड-4 (NHRDF Red-4) एक उन्नत किस्म है। इस किस्म की खेती से किसानों को प्रति हेक्टेयर औसतन 350 से 400 क्विंटल तक प्याज की उपज मिल सकती है।

इस किस्म के प्याज गहरे लाल रंग और गोल आकार में अच्छे होते हैं। खास बात यह है कि यह किस्म 110 से 120 दिनों में तैयार हो जाती है। ऐसे में एनएचआरडीएफ रेड-4 किस्म की प्याज की खेती किसानों के लिए फायदेमंद हो सकती है।

भीमा शक्ति प्याज की किस्म की खासियत

भीमा शक्ति एक उन्नत प्याज की किस्म है। इस किस्म के प्याज गहरे लाल, चमकदार और गोल आकार के होते हैं। इसकी पैदावार की बात करें तो रबी सीजन में प्रति हेक्टेयर करीब 41 से 42 टन तक उपज मिल सकती है। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी अच्छी भंडारण क्षमता है। यह किस्म रोपाई के करीब 125 से 135 दिनों में तैयार हो जाती है। भीमा शक्ति किस्म को रबी और देर खरीफ, दोनों मौसमों में उगाया जा सकता है।

इस तरह करें प्याज की खेती

अक्टूबर का महीना चल रहा है। अब इस महीने के आखिरी हफ्ते में किसान इन किस्मों की बुवाई कर सकते हैं। इस प्रक्रिया में प्याज की बुवाई करते समय क्यारी ऐसी जगह बनाएं जहां पूरे दिन अच्छी धूप आती हो और पौधे की देखभाल आसानी से हो सके। क्यारी की लंबाई 3 मीटर, चौड़ाई 1 मीटर और ऊंचाई 15 से 20 सेमी होनी चाहिए।

प्याज लगाने से पहले क्यारियों में 20 से 25 किलो सड़ी हुई गोबर की खाद और 100 ग्राम प्रति क्यारी मिश्रित खाद का उपयोग जरूर करें और फिर बीज की बुवाई करें। ध्यान रहें कि सिर्फ ज्यादा फसल उगाना ही काफी नहीं है, बल्कि समय पर फसल की सुरक्षा करना और बाजार के भाव पर नजर रखना भी बहुत जरूरी है ताकि आपको सही मुनाफा मिल सके।