{"vars":{"id": "91925:5179"}}

मनाली फोरलेन होगा चकाचक! 58 करोड़ से सुधरेगा 30 KM हाईवे, पंडोह-टकोली की डेडलाइन तय

सफर को आसान और सुरक्षित बनाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने हिमाचल प्रदेश में एक बड़ी पहल की है। इसके तहत कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर रखरखाव, सुरक्षा और ट्रैफिक मैनेजमेंट को बेहतर बनाने के लिए चार नए टेंडर जारी किए गए हैं।
 

मंडी। सफर को आसान और सुरक्षित बनाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने हिमाचल प्रदेश में एक बड़ी पहल की है। इसके तहत कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर रखरखाव, सुरक्षा और ट्रैफिक मैनेजमेंट को बेहतर बनाने के लिए चार नए टेंडर जारी किए गए हैं। इन योजनाओं के जमीन पर उतरने से इस रास्ते पर सफर करना और भी ज्यादा आसान और सुरक्षित हो जाएगा।

58.42 करोड़ रुपये से सुधरेगा कीरतपुर-नेरचौक मार्ग

एनएचएआई ने कीरतपुर से नेरचौक खंड के सुधार और रखरखाव की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 30.66 किलोमीटर लंबे इस कार्य की अनुमानित लागत 58.42 करोड़ रुपये है। ये सारा काम मैसर्स सिगल इंडिया लिमिटेड के जोखिम और लागत पर होगा और इसे पूरा करने के लिए छह महीने तय किए हैं।

पंडोह-टकोली खंड में फोरलेन निर्माण

पंडोह बाईपास के अंत से टकोली तक 221.305 किलोमीटर से 242.000 किलोमीटर के खंड में फोरलेन निर्माण के लिए 292.99 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है। यह कार्य मैसर्स एसपी पंडोह टकोली हाईवे प्राइवेट लिमिटेड के जोखिम और लागत पर होना है। इसे पूरा करने का समय 12 महीने रखा गया है।

नागचला जंक्शन पर वीयूपी और ग्रेड सेपरेटर

बल्ह उपमंडल के नागचला जंक्शन पर ईपीसी मोड के तहत एक वाहन अंडरपास (वीयूपी) और दो लेन का ग्रेड सेपरेटर बनेगा।। 43.47 करोड़ रुपये की इस परियोजना में अप्रोच और सर्विस रोड का निर्माण भी शामिल है। निर्माण अवधि डेढ़ वर्ष और रखरखाव अवधि 10 वर्ष होगी। बता दें कि ये अंडरपास बनने से यहां सड़क हादसों पर विराम लगने में काफी हेल्प मिलेगी। वाहनों की आवाजाही भी आसान होगी।

कुल्लू-मनाली मार्ग के लिए सुपरविजन कंसल्टेंट

वहीं कुल्लू से मनाली तक 272.000 से 309.345 किलोमीटर के मार्ग के संचालन और रखरखाव कार्यों की निगरानी के लिए सुपरविजन कंसल्टेंट के प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। करीब 37.35 किलोमीटर लंबे इस पर्यटन मार्ग पर असाइनमेंट की समय सीमा तीन वर्ष है। यह मार्ग प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहा है। साल 2023 व 2025 की प्राकृतिक आपदा में छह किलोमीटर से ज्यादा रास्ते का नामोनिशान मिट गया था।

कीरतपुर-मनाली फोरलेन के 30.66 किलोमीटर भाग के मरम्मत कार्य के लिए टेंडर जारी किया गया है। इसके अलावा तीन अन्य कार्यों के लिए निविदा मांगी गई है।

-आकाशदीप सिंह, परियोजना निदेशक, एनएचएआई मंडी।