Growth Corridor: 20 हजार करोड़ की लागत से तैयार होगा ये 51 किलोमीटर लंबा ग्रोथ कॉरिडोर, 3000 एकड़ से ज्यादा जमीन खरीदेगी सरकार
भोपाल। राजधानी के बाहरी इलाकों और प्रमुख कनेक्टिंग रूट्स को नए शहरी केंद्रों के रूप में विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना का आकार सामने आने लगा है। प्रस्तावित 51 किलोमीटर लंबे ग्रोथ कॉरिडोर के लिए करीब 3,000 हेक्टेयर जमीन की जरूरत होगी, जबकि इस पूरे प्रोजेक्ट पर अनुमानित 20,000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यानी भूमि अधिग्रहण और निर्माण से लेकर आधुनिक बुनियादी सुविधाएं विकसित करने तक यह राजधानी का एक बेहद बड़ा और अहम निवेश प्रोजेक्ट होगा।
6 बड़े क्षेत्र विकसित किए जाएंगे
हालांकि, भोपाल विकास प्राधिकरण (बीडीए) को इसकी योजना तैयार करनी है, लेकिन इतनी बड़ी राशि जुटाने का वित्तीय माडल अभी स्पष्ट नहीं है। परियोजना के लिए प्रस्तावित जमीन में टीटी नगर स्मार्ट सिटी के एबीडी प्रोजेक्ट जैसे छह बड़े क्षेत्र विकसित किए जा सकते हैं।
दोनों तरफ 500 मीटर में होगा सघन विकास
मिली जानकारी के मुताबिक ग्रोथ कारिडोर को प्रमुख कनेक्टिंग रूट्स के आसपास मिक्स-यूज लैंड के रूप में विकसित करने की योजना है। इसके दोनों तरफ 500-500 मीटर के दायरे में हाई-डेंसिटी डेवलपमेंट किया जाएगा। यहां सघन निर्माण और असीमित एफएआर के प्रविधान के साथ बहुमंजिला इमारतें बनाई जा सकेंगी। जिससे की कमर्शियल हब, आइटी पार्क और लाजिस्टिक्स पार्क विकसित कर रोजगार और कारोबारी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
लैंड पुलिंग की जगह नई पॉलिसी
वहीं बीडीए अब तक आपसी सहमति वाली लैंड पुलिंग पालिसी के आधार पर मास्टर प्लान की सड़कें और नगर विकास योजनाएं तैयार करता रहा है। लेकिन इस मेगा प्रोजेक्ट में जमीन जुटाने के लिए नई पालिसी बनाई जाएगी। निजी निवेशकों की भागीदारी से विकास करने की योजना है, जिससे की पूरा वित्तीय बोझ सरकारी खजाने पर न पड़े।
जानकारी के मुताबिक 20 हजार करोड़ रुपये की परियोजना को समय सीमा में पूरा करने के लिए मजबूत वित्तीय रूपरेखा जरूरी है। निवेश और जमीन अधिग्रहण की स्पष्ट व्यवस्था के बिना प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारना बड़ी चुनौती होगी।