Success Story: 9 साल के संघर्ष के बाद किसान की बेटी बनी मिसाल, प्राजक्ता पानसरे ने तानों और असफलताओं को दी मात
Success Story of MPSC: महाराष्ट्र के छोटे से गांव पाबल के एक किसान परिवार की बेटी प्राजक्ता पानसरे की सक्सेस स्टोरी धैर्य, अटूट विश्वास और परिवार के सपोर्ट का सबसे बेहतरीन उदाहरण है। उन्होंने लगातार 9 साल तक कड़ा संघर्ष किया, असफलताएं झेलीं और लोगों के ताने सुने, लेकिन कभी हार नहीं मानी। उन्हें पूरा यकीन था कि एक दिन वे अपने परिवार का नाम रोशन करेंगी और एक दिन वही ताने देने वाले लोग उन्हें शाबाशी देंगे।
खेती-किसानी से चलता था 7 सदस्यों का परिवार
प्राजक्ता पानसरे, महाराष्ट्र के पाबल गांव के किसान परिवार से आती हैं। उनके पिता नामदेव रामचंद्र पानसरे एक किसान हैं, इनके कंधों पर परिवार के 7 लोगों की जिम्मेदारी है। जिनमें प्राजक्ता के माता-पिता, तीन छोटी बहनें और एक छोटा भाई है। परिवार का खर्चा चलाने के लिए पिता खेत में काम करने के साथ साथ दूध का काम भी करते हैं। आर्थिक तंगी के बाद भी उन्होंने चारों बेटियों को पढ़ाने-लिखाने में कोई कमी नहीं छोड़ी है।
परिवार की पहली ग्रेजुएट
प्राजक्ता बचपन से पढ़ाई को लेकर काफी सीरियस रही हैं। 12वीं क्लास तक वे क्लास में 70% से 80% नंबरों के साथ पास होती थीं। पढ़ाई के प्रति उनकी गंभीरता ने उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पुणे के कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर से अपनी बीएससी (एग्री) की डिग्री पूरी की। वे अपने परिवार में ग्रेजुएट होने वाली पहली सदस्य थीं।
कॉलेज से निकलते ही शुरू की सरकारी नौकरी तैयारी
साल 2015-16 में बैचलर डिग्री लेने के बाद, प्राजक्ता ने सोच लिया था कि उन्हें सरकारी नौकरी हासिल करनी है और अपने परिवार का मान बढ़ाना है। बता दें कि उन्होंने दो साल ड्रोप लिया और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना शुरू कर दिया। केवल 2 साल में उनकी मेहनत का परिणाम उन्हे मिला और उनका चयन एग्रीकल्चर असिस्टेंट के पद पर हो गया। लेकिन परिवार का सपना था कि बेटी बड़ी अफसर बने।
25 प्रीलिम्स-20 से ज्यादा मेन्स और संघर्ष के वो 9 साल
साल 2016 में प्राजक्ता ने महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) की तैयारी शुरू की। उन्होंने स्टेट सर्विसेज, कंबाइंड एग्जाम और कृषि परीक्षाओं पर फोकस किया। उनका सफर आसान नहीं था। लगातार 9 साल लंबा संघर्ष किसी को भी तोड़ सकता है। उन्होंने 25 प्रीलिम्स एग्जाम और 20 बार मेन्स एग्जाम भी दिए। लेकिन हर बार एक या दो नंबर की कमी उनकी कामयाबी के आड़े आते रहे। पर किसान की बेटी के सामने हारने का कोई ऑप्शन नहीं था।
असफलताओं पर ताने मिलते थे
प्राजक्ता एक ऐसे समाज से आती हैं, जहां 12वीं के बाद लड़कियों की शादी करा दी जाती है। बार-बार असफलताओं के बाद लोगों के ताने मिलना कोई नहीं बात नहीं थी। एक समय ऐसा भी था जब पिता का एक्सीडेंट हो गया और उन्हें आर्थिक मुश्किलों को सामना करना पड़ा। आर्थिक तंगी, सामाजिक दबाव और असफलताओं से जूझने के बाद भी प्राजक्त के कदम डगमगाए नहीं। परिवार के सपोर्ट ने उन्हें तैयारी जारी करने के लिए प्रेरित किया।
आज समाज कल्याण अधिकारी हैं प्राजक्ता
बार-बार असफलताओं से सीखा, सिलेबस पर पकड़ मजबूत की और पिछले वर्षों के क्वेश्चन पेपर से तैयारी... ये वो चीजें थीं जिन्होंने प्राजक्ता को सरकारी अफसर बना दिया। उन्होंने साल 2023 की एमपीएससी परीक्षा पास की और आज क्लास-2 गजेटेड सोशल वेलफेयर ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं।
अफसर बेटी ने बताया क्या न करें
अपनी नाकामियों से सिखकर सफलता के शिखर तक पहुंची प्राजक्ता ने एक इंटरव्यू में बताया कि अगर सपने बड़े हैं तो क्या नहीं करना चाहिए-
सिर्फ दिखावे के लिए पढ़ाई न करें: सिर्फ दूसरों को साबित करने के लिए लंबे समय तक तैयारी करना सही नहीं है। अगर 10 साल मेहनत करने के बाद भी परिणाम नहीं मिल रहे हैं, तो खुद को धोखा देना छोड़कर 'प्लान बी' पर फोकस करना जरूरी है।
सिर्फ किताबों पर निर्भर न रहें: वे कहती हैं कि सिर्फ लायब्रेरी में घंटों बैठना या मोटी किताबें पढ़ना काफी नहीं है। सिलेबस और पिछले वर्षों के प्रश्न पत्रों का सही एनालिसिस नहीं कर रहे हैं, तो मेहनत खराब जा सकती है।
उलझनों में न पड़ें: उन्होंने उन छात्रों को सचेत किया जो तैयारी के दौरान पढ़ाई के अलावा अन्य चीजों में अधिक उलझे रहते हैं। वे मानती हैं कि अगर आप अपनी पारिवारिक परिस्थितियों और लक्ष्य के प्रति जागरूक हैं, तो भटकाव अपने आप कम हो जाएंगे।
गलतियों को नजरअंदाज न करें: अपनी असफलता के बाद केवल निराश होकर बैठने के बजाय, अपनी गलतियों को पहचानना और उन पर काम करना जरूरी है।
प्राजक्ता की कहानी साबित करती है कि अगर आप कोई फैसला लेते हैं, तो उसमें अपना 100% झोंक दें। फिर भी परिणाम नहीं मिल रहे हैं, तो 'प्लान बी' तैयार रखें। वे कहती हैं कि हार न मानें और अपने मन की आवाज सुनें।