Delhi-Jaipur Highway: NH-48 से दूर होगी ट्रैफिक जाम की जकड़न, दशहरा पर्व पर मिलेगी नए फ्लाईओवर की सौगात
दिल्ली- जयपुर हाइवे (NH-48) पर सफर करने वालों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। यहां बिलासपुर में निर्माणाधीन फ्लाईओवर को दशहरा पर्व तक वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। इससे लोगों को आवाजाही में सुविधा होगी। पहले चरण में दिल्ली से जयपुर साइड के फ्लाईओवर हिस्से को वाहनों के लिए खोला जाएगा जबकि दूसरी साइड का फ्लाईओवर अगले महीने खोला जाएगा।
ट्रैफिक जाम से मिलेगा छुटकारा
नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने बताया कि गुरुग्राम के बिलासपुर चौक पर जारी फ्लाईओवर निर्माण कार्य लगभग पूरा होने की कगार पर है। दशहरा पर्व तक दिल्ली से जयपुर साइड के फ्लाईओवर पर वाहनों की आवाजाही को हरी झंडी दिखा दी जाएगी। वहीं, जयपुर से दिल्ली वाली साइड के खुलने पर इस फ्लाईओवर पर वाहनों को आवागमन के लिए तीन-तीन लेन की सुविधा मिलेगी।
वर्तमान समय की बात करें तो दिल्ली- जयपुर हाईवे पर मानेसर और बिलासपुर के हिस्से में लोगों को भीषण ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ रहा है। पीक आवर्स के दौरान वाहनों की लंबी कतार लग जाती है जिससे कुछ मिनटों का सफर घंटों में तब्दील हो जाता है। ऐसे में फ्लाईओवर शुरू होने से ट्रैफिक जाम की जकड़न दूर होगी और लोगों के लिए आवाजाही बेहद आसान हो जाएगी।
NH-48 पर पांच चौराहों मानेसर, बिलासपुर, राठीवास, साल्हावास और धारूहेड़ा में फ्लाईओवर निर्माण की योजना चल रही है। राठीवास में फ्लाईओवर निर्माण कार्य पूरा कर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है। अब बिलासपुर चौक पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर के कार्य को जल्द पूरा कर दशहरे तक वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी जाएगी। इससे लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। योगेश तिलक, परियोजना निदेशक, NHAI