दुखद खबर- नवनिर्वाचित सरपंच की गोली के छर्रे लगने से दर्दनाक मौत, 155 वोट से जीतकर बनी थीं सरपंच
राजस्थान के नागौर जिले में एयरगन से निकले छर्रे लगने से महिला सरपंच की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब टुंकलिया ग्राम पंचायत की नवनिर्वाचित सरपंच शैलू राजपुरोहित (56) अपने घर पर एयरगन साफ कर रही थीं। अचानक ट्रिगर दबने से एयरगन चल गई और छर्रे उनके सीने में जा लगे। परिजन उन्हें उपचार के लिए जोधपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे मेड़ता रोड-गोटन पंचायत समिति की ग्राम पंचायत टुंकलिया में हुई। सरपंच की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। वहीं पड़ोस में चल रहे शादी समारोह की खुशियां भी शोक में बदल गईं। पुलिस ने शव को गोटन अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है।
एयरगन साफ करते समय अचानक दबा ट्रिगर
गोटन थाना प्रभारी सुमन चौधरी के अनुसार, शैलू राजपुरोहित घर पर एयरगन की सफाई कर रही थीं। इसी दौरान अचानक ट्रिगर दब गया और एयरगन से निकले छर्रे उनके सीने में लग गए। गंभीर हालत में परिजन उन्हें अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
155 वोट से जीतकर बनी थीं सरपंच
शैलू राजपुरोहित हाल ही में हुए पंचायत चुनाव में ग्राम पंचायत टुंकलिया से सरपंच निर्वाचित हुई थीं। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुमन को 155 वोटों से हराकर जीत दर्ज की थी।
- शैलू राजपुरोहित को मिले: 1,228 वोट
- प्रतिद्वंद्वी सुमन को मिले: 1,073 वोट
- जीत का अंतर: 155 वोट
शैलू राजपुरोहित के दो बेटे हैं। एक बेटा मेडिकल लाइन में है, जबकि दूसरा मावे का कारोबार करता है। उनके निधन की खबर से गांव में शोक का माहौल है।
##