राजस्थान-मध्यप्रदेश सीमा विवाद का समाधान उच्चतम न्यायालय एवं सीईसी के निर्णय के अनुरूप होगा
जयपुर, 26 नवम्बर। राजस्थान एवं मध्यप्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में लंबे समय से चले आ रहे सीमा विवाद के समाधान को लेकर गुरुवार को राजस्थान के मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास एवं मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव श्री अशोक वर्णवाल के बीच वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित हुई।
बैठक में मध्यप्रदेश के मंदसौर एवं राजस्थान के झालावाड़ जिले से सटे सीमावर्ती क्षेत्र से जुड़े विवाद पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने कहा कि भारत सरकार द्वारा विकसित परिवेश पोर्टल के अनुसार संबंधित विवादित क्षेत्र को वन क्षेत्र का दर्जा प्राप्त है। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण से जुड़े समस्त आवश्यक दस्तावेजों एवं तथ्यों के आधार पर उच्चतम न्यायालय तथा न्यायालय द्वारा गठित केन्द्रीय अधिकार प्राप्त समिति (सीईसी) के माध्यम से विवाद का समाधान किया जाना उचित होगा।
मुख्य सचिव ने कहा कि इस संवेदनशील प्रकरण के समाधान में दोनों राज्यों के स्टैक होल्डर(हितधारक) के साथ सामाजिक एवं आर्थिक हितों का ध्यान रखना आवश्यक है। साथ ही, दोनों राज्यों के बीच सकारात्मक समन्वय एवं सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखना भी महत्वपूर्ण है।
बैठक में दोनों राज्यों के मुख्य सचिवों ने अपने अपने पक्ष रखे तथा इस बात पर सहमति व्यक्त की कि प्रकरण का समाधान नियमानुसार सीईसी की अभिशंषा और उच्चतम न्यायालय के निर्णय के अनुरूप ही किया जाएगा।